November 20, 2026 6:41 pm

November 20, 2026 6:41 pm

चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के चलते 22 नवंबर को शहर में बदलेगा ट्रैफिक रूट, सुबह 3 से 10 बजे तक कई सड़कें रहेंगी प्रभावित

चंडीगढ़ क्लब से ओल्ड बैरिकेड चौक, मटका चौक और ट्रांसपोर्ट चौक तक यातायात प्रतिबंधित व नियंत्रित रहेगा; वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर। चंडीगढ़ में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली दूसरी चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी यातायात परामर्श के अनुसार, रविवार सुबह 3 बजे से 10 बजे तक मैराथन के निर्धारित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित और नियंत्रित रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का मार्ग बदला जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मैराथन का मार्ग चंडीगढ़ क्लब के सामने वाली सड़क से शुरू होकर सेक्टर-1/3/4 चौक (ओल्ड बैरिकेड चौक) की ओर जाएगा। इसके बाद सुखना लेक की तरफ जाने वाले मोड़ से यू-टर्न लेकर फिर ओल्ड बैरिकेड चौक, वहां से मटका चौक, ट्रांसपोर्ट चौक और एसबीआई स्मॉल चौक (गेट नंबर-3 के पास) तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके बाद निर्धारित मार्ग से वापस मटका चौक, ओल्ड बैरिकेड चौक होते हुए चंडीगढ़ क्लब तक पहुंचने वाले सड़क खंडों पर भी प्रतिबंध लागू रहेंगे।

इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। सेक्टर-11/15 के अंडरब्रिज मार्ग का इस्तेमाल आम जनता अपनी सुविधा के अनुसार कर सकती है।
कैंबवाला और कांसल की तरफ से शहर में आने वाले वाहन चालकों को नयागांव की ओर से प्रवेश करने की सलाह दी गई है। वहीं, सेक्टर-26 की अनाज मंडी जाने वाले लोग मोडेला लाइट प्वाइंट से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

मध्य मार्ग और जन मार्ग से बचने की सलाह
मैराथन के दौरान वाहन चालकों को मध्य मार्ग पर एसबीआई स्मॉल चौक (गेट नंबर-3 के पास) से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट तक और जन मार्ग पर मटका चौक से ओल्ड बैरिकेड चौक तक जाने से बचने की सलाह दी गई है। इन सड़क खंडों पर सुबह 3 से 10 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा।
प्रतिभागियों के लिए पीईसी में पार्किंग की व्यवस्था
मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन पीईसी (पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज) के पार्किंग क्षेत्र में खड़े करें। प्रतिभागियों को सुबह 3 बजे से पहले पार्किंग स्थल पर पहुंचकर वाहन पार्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने की सहयोग की अपील
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मैराथन के दौरान प्रभावित सड़क मार्गों पर जाने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों को यात्रा की योजना पहले से बनाने और मार्गों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
इसके अलावा, लोगों को यातायात से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। पुलिस ने यातायात प्रतिबंधों के कारण होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 8 8 3 5
Total Users : 458835
Total views : 725504

शहर चुनें