August 27, 2026 5:38 am

August 27, 2026 5:38 am

भारतीय शेयर बाजार हल्की गिरावट के साथ फ्लैट, ईरान तनाव और FII बिकवाली का असर

मुंबई: ईरान से क्रूड ऑयल एक्सपोर्ट में संभावित रुकावट और विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली की आशंका के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने सुस्त शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क इंडेक्स हल्के नेगेटिव रुझान के साथ लगभग फ्लैट ट्रेड करते दिखे।
सुबह 9:25 बजे तक सेंसेक्स 74 अंक या 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,552 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 12 अंक या 0.05 प्रतिशत फिसलकर 25,719 पर आ गया।

मिडकैप- स्मॉलकैप में मिला-जुला रुख
ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप 100 में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.48 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गई। निफ्टी पर ONGC, कोल इंडिया और NTPC प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे।

सेक्टोरल इंडेक्स में मिश्रित कारोबार
सेक्टोरल फ्रंट पर भी मिला-जुला रुझान देखने को मिला। अधिकांश सेक्टर लाल निशान में रहे, हालांकि निफ्टी मेटल और ऑयल एंड गैस इंडेक्स मजबूत प्रदर्शन करते दिखे। निफ्टी मेटल 0.84 प्रतिशत और ऑयल एंड गैस 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे।

ईरान तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
ईरान में बढ़ते राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 2.8 प्रतिशत उछलकर सात हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। देशभर में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रदर्शनकारियों को दिए गए सार्वजनिक समर्थन से हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।

निफ्टी के अहम सपोर्ट-रेजिस्टेंस लेवल
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 25,550–25,600 के दायरे में है, जबकि 25,850–25,900 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस के तौर पर काम कर सकता है।

एशियाई बाजारों में तेजी
एशिया-पैसिफिक बाजारों में सुबह के सत्र में सकारात्मक माहौल रहा। ट्रेडर्स ने दिसंबर के चीन के एक्सपोर्ट ग्रोथ आंकड़ों पर प्रतिक्रिया दी, जो अनुमान से बेहतर रहे।
जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.57 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ, वहीं चीन का शंघाई इंडेक्स 1.2 प्रतिशत और शेनझेन 1.98 प्रतिशत चढ़ा। हांगकांग का हैंग सेंग 0.8 प्रतिशत और साउथ कोरिया का कोस्पी 0.17 प्रतिशत मजबूत हुआ।

अमेरिकी बाजारों में कमजोरी
वहीं अमेरिकी शेयर बाजार रातभर ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। नैस्डैक में 0.1 प्रतिशत, S&P 500 में 0.19 प्रतिशत और डाउ जोंस में 0.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

FII बिकवाली जारी, DII ने संभाला मोर्चा
13 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय शेयर बाजार में 1,500 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 1,182 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी कर बाजार को कुछ हद तक सहारा दिया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 8 7 2 6
Total Users : 398726
Total views : 643668

शहर चुनें