April 5, 2026 10:11 pm

April 5, 2026 10:11 pm

पुलिस हिरासत से फरार आरोपी 24 घंटे में दोबारा गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच-19 की बड़ी कार्रवाई

अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार, चंडीगढ़ से दबोचा गया आरोपी
पंचकूला, 14 जनवरी 2026। पंचकूला पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए पुलिस हिरासत से फरार हुए चोरी के आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में कस लिया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम द्वारा चंडीगढ़ में की गई।

सब्जी विक्रेता से नकदी चोरी का मामला
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला निवासी एक सब्जी विक्रेता ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 10 जनवरी को एक युवक ने उसकी दुकान से मौके का फायदा उठाकर 6,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी की पहचान दीपक निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने 11 जनवरी को थाना सेक्टर-14 में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उसी दिन आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी की गई रकम में से 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

अस्पताल से हुआ था फरार
12 जनवरी को आरोपी द्वारा कान में दर्द की शिकायत किए जाने पर पुलिस उसे उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य नागरिक अस्पताल, पंचकूला लेकर गई। दवा काउंटर से दवाई खरीदते समय आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया और बाइक पर लिफ्ट लेकर फरार हो गया।
आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने पर थाना सेक्टर-7 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

24 घंटे में दोबारा गिरफ्तारी
आज आयोजित प्रेस वार्ता में एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में, जांच अधिकारी सुनील दीक्षित सहित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को सेक्टर-52, चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का सख्त संदेश
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा,
“पुलिस हिरासत से फरार होना एक गंभीर अपराध है। पंचकूला पुलिस अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शने वाली नहीं है। 24 घंटे के भीतर आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि हमारी पुलिस टीमें सतर्क, पेशेवर और पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। कानून से ऊपर कोई नहीं है और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
यह कार्रवाई पंचकूला पुलिस की तत्परता, अनुशासन और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 8
Total Users : 291318
Total views : 493612

शहर चुनें