हैदराबाद: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से रोमांच और जुनून से भरे रहे हैं, लेकिन मौजूदा राजनीतिक तनाव ने इन मैचों को और भी ज्यादा सुर्खियों में ला दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोनों टीमें अब मैदान पर एक-दूसरे से हाथ तक नहीं मिलातीं और केवल आईसीसी या एसीसी के आयोजनों में ही आमने-सामने आती हैं। इसी वजह से भारत–पाकिस्तान मैचों की डिमांड हर बड़े टूर्नामेंट में रिकॉर्ड स्तर पर रहती है
टिकटों की भारी डिमांड, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ठप
भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आमने-सामने होंगी। यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री बुधवार, 14 जनवरी की शाम को शुरू हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में भारी ट्रैफिक के कारण सर्वर क्रैश हो गया।
शाम 7 बजे टिकटों की लाइव बिक्री शुरू होते ही लाखों क्रिकेट प्रेमियों ने एक साथ साइट पर लॉग-इन कर सीट बुक करने की कोशिश की। एक साथ अत्यधिक रिक्वेस्ट आने से ICC के आधिकारिक टिकटिंग एजेंट को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और यूजर्स ट्रांजैक्शन पूरा नहीं कर सके।
टिकटिंग एजेंट ने बाद में बताया कि अस्थायी तकनीकी समस्याओं के कारण बिक्री प्रभावित हुई है और इसे रात 9 बजे दोबारा शुरू किया जाएगा। हालांकि, भारत–पाकिस्तान मुकाबले के टिकट अभी भी उपलब्ध नहीं हैं और वेबसाइट पर ‘जल्द ही उपलब्ध होगा’ का संदेश दिखाया जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026: 20 टीमों की ऐतिहासिक टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 करीब 10 साल बाद उपमहाद्वीप में आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होगी। इस बार पहली बार कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है।
भारतीय टीम को ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा, जबकि पाकिस्तान अपना शुरुआती मुकाबला कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगा।
करीब एक महीने तक चलने वाला यह मेगा इवेंट भारत और श्रीलंका के आठ शहरों में आयोजित होगा। इनमें दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, अहमदाबाद, कैंडी और कोलंबो प्रमुख वेन्यू हैं। फैंस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ICC ने किफायती टिकट दरें तय की हैं, जो भारत में 100 रुपये और श्रीलंका में 1000 श्रीलंकाई रुपये से शुरू होती हैं।










Total Users : 291151
Total views : 493337