April 5, 2026 10:12 pm

April 5, 2026 10:12 pm

किडनैपिंग व जबरन वसूली केस में तीन और आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो कार बरामद

अब तक चार आरोपी सलाखों के पीछे, एक की तलाश जारी
पंचकूला, 15 जनवरी 2026: पंचकूला पुलिस ने अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली की एक गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 3 दिसंबर को लुधियाना निवासी एक व्यक्ति ने थाना मनसा देवी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसका साला संदीप, जो मनसा देवी थाना क्षेत्र में रहता है और सेक्टर-9 पंचकूला में नौकरी करता है, 2 दिसंबर से लापता है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संदीप की तलाश शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने संदीप से एक ऑनलाइन एप के माध्यम से दोस्ती की और फिर स्कॉर्पियो कार में उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उससे सवा लाख रुपये नकद तथा सोना-चांदी की अंगूठी छीन ली। पीड़ित के बैंक खातों की जांच में लेन-देन की पुष्टि भी हुई।
आरोपी संदीप को हरिद्वार ले गए थे, जहां 4 दिसंबर को हरिद्वार पुलिस ने उसे बरामद कर पंचकूला पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना मनसा देवी के प्रभारी निरीक्षक मुनीष कुमार के नेतृत्व में जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुखविंद्र सिंह हरिद्वार पहुंचे और पीड़ित को पंचकूला लाया गया। मेडिकल जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 140(3), 351(3), 308(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।

बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों की जांच में आरोपी अंकित, अजय, दीपेश उर्फ दीपू, आशीष उर्फ गोलू और अनिल की भूमिका सामने आई। पुलिस ने 9 जनवरी को दबिश देकर आरोपी रवि निवासी चरखी दादरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।
15 जनवरी 2026 को आरोपी अजय, दीपेश उर्फ दीपू और आशीष उर्फ गोलू, निवासी जिला चरखी दादरी (हरियाणा), को प्रोडक्शन वारंट पर पंचकूला लाकर पूछताछ की गई। ये आरोपी पहले से ही एक अन्य किडनैपिंग मामले में गिरफ्तार थे। पूछताछ के दौरान आरोपी अनिल की इस मामले में संलिप्तता नहीं पाई गई, जिसके बाद उसे गुरुग्राम पुलिस के हवाले कर दिया गया। शेष तीनों आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद नकदी और अन्य छीना गया सामान बरामद किए जाने की संभावना है। पंचकूला पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 8
Total Users : 291318
Total views : 493612

शहर चुनें