June 15, 2026 2:15 pm

June 15, 2026 2:15 pm

PANCHKULA: गणतंत्र दिवस समारोह में पंचकूला पुलिस का शानदार प्रदर्शन, 6 पुलिसकर्मी सम्मानित

डिजिटल अरेस्ट पर आधारित साइबर जागरूकता झांकी को मिला दूसरा पुरस्कार, महिला प्लाटून का अनुशासित मार्च पास्ट रहा आकर्षण

रमेश गोयत

पंचकूला | 26 जनवरी 2026: देश के 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवमयी अवसर पर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में पंचकूला पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और नवाचार से विशेष पहचान बनाई। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस समारोह पंचकूला पुलिस के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। एक ओर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने वाली पंचकूला पुलिस की झांकी ने दूसरा पुरस्कार जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 6 पुलिसकर्मी सम्मानित
कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान के लिए माननीय राज्यपाल ने पंचकूला पुलिस के 6 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर सोमबीर ढ़ाका, सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार, ईएएसआई सुरेंद्र पाल, ईएचसी खुशीराम, सिपाही अनिकेत और एसपीओ रणजीत शामिल रहे। इन सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया गया।


डिजिटल अरेस्ट पर आधारित झांकी को मिला दूसरा पुरस्कार
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की झांकियों में पंचकूला पुलिस की ‘डिजिटल अरेस्ट और साइबर जागरूकता’ पर आधारित झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। झांकी को प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। माननीय राज्यपाल ने साइबर थाना एसएचओ युद्धवीर सिंह और उनकी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

झांकी के माध्यम से साइबर टीम ने सजीव अभिनय द्वारा यह संदेश दिया कि किस प्रकार साइबर ठग नकली पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर ठगी करते हैं। इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और इसे जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया।

महिला शक्ति और शीर्ष पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी
परेड के दौरान महिला सशक्तिकरण की भी शानदार झलक देखने को मिली। महिला पीएसआई पूजा के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की महिला प्लाटून ने अनुशासित और प्रभावशाली मार्च पास्ट कर सभी को प्रभावित किया।

समारोह में पंचकूला के पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज स्वयं उपस्थित रहे। उनके साथ डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता तथा डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने भी जवानों का उत्साहवर्धन किया और इस उपलब्धि को पूरी पुलिस टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569429

शहर चुनें