पंचकूला। प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), भानु, पंचकूला (हरियाणा) में 28 जनवरी 2026 को 492वें जीडी रिक्रूट (पुरुष/महिला) बैच के दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के 24 राज्यों से आए 440 प्रशिक्षणार्थियों ने 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण पूर्ण कर बल की मुख्य धारा में प्रवेश किया।

समारोह के मुख्य अतिथि अशोक नेगी, पीएमजी, महानिरीक्षक, बीटीसी, आईटीबीपी रहे। ब्रिगेडियर जे.एस. गोराया, उप महानिरीक्षक एवं सुनील काण्डपाल, कमाण्डेंट, बीटीसी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, संस्थान के पदाधिकारी, प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

दीक्षांत परेड की कमान कांस्टेबल (जीडी) अंकित तिवाड़ी, 61वीं वाहिनी ने संभाली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांस्टेबल (जीडी) अंकित तिवाड़ी, 61वीं वाहिनी तथा कांस्टेबल (जीडी) महिला आस्था, 54वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने 44 सप्ताह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अब वे आईटीबीपी के “हिमवीर परिवार” का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी जैसे अनुशासित बल में देश सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात है और प्रशिक्षण केन्द्र में अर्जित ज्ञान व अनुशासन को जीवनभर बनाए रखना चाहिए।
समारोह के दौरान केंद्रीय योग टीम, श्वान दस्ते तथा अन्य आकर्षक प्रदर्शनों का आयोजन किया गया, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

महानिरीक्षक अशोक नेगी के नेतृत्व में प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक व मानसिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, टैक्टिक्स सहित विभिन्न विषयों पर 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण प्रदान किया, ताकि वे सेवा के दौरान आने वाली हर चुनौती का मजबूती से सामना कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी प्रशिक्षणार्थियों और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











Total Users : 291403
Total views : 493734