September 14, 2026 10:00 am

September 14, 2026 10:00 am

BJP सरकार ने हरियाणा के हकों को लगातार नजरअंदाज किया: दीपेन्द्र हुड्डा

चंडीगढ़, 28 जनवरी। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर हरियाणा के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के हकों और विकास परियोजनाओं को लगातार नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में हरियाणा को कई बड़ी राष्ट्रीय परियोजनाएं मंजूर कराई गई थीं, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद उन पर कोई प्रगति नहीं हुई।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान महम में अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा, गोहाना में रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा स्थित एम्स में मेडिकल कॉलेज सहित 11 राष्ट्रीय संस्थान तथा गुरुग्राम में इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी जैसी अहम परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी। इसके अलावा कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा में 88 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ था, जबकि भाजपा के 12 साल के शासन में एक इंच भी मेट्रो आगे नहीं बढ़ी। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास की मुख्यधारा से पीछे धकेला है, और दुर्भाग्यवश प्रदेश की भाजपा सरकार सब जानते हुए भी मौन बनी रही।
कांग्रेस सांसद ने मांग की कि महम में अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा, गोहाना में रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा एम्स में मेडिकल कॉलेज सहित 11 राष्ट्रीय संस्थान और गुरुग्राम में इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी जैसी मंजूरशुदा परियोजनाओं को शीघ्र आगे बढ़ाया जाए। इसके साथ ही 12 वर्षों से ठप पड़े मेट्रो विस्तार को फिर से शुरू किया जाए। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की सह-मेजबानी के लिए हरियाणा को चयनित करने और ओलंपिक 2036 में हरियाणा को को-होस्ट राज्य बनाए जाने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे खेल अधोसंरचना के विकास पर बड़े स्तर पर निवेश होगा और प्रदेश को सीधा लाभ मिलेगा।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश इस समय बेतहाशा महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, रुपये की रिकॉर्डतोड़ गिरावट और किसान-मजदूरों की बदहाल स्थिति जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में बजट बनाते समय गरीब और आम आदमी के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी बजट में हरियाणा के हकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, हालांकि उन्होंने केंद्र सरकार से नाउम्मीदी भी जाहिर की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद के बजट सत्र के दौरान वे हर वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और हरियाणा के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 3 1 6 4
Total Users : 413164
Total views : 663183

शहर चुनें