October 12, 2026 2:11 pm

October 12, 2026 2:11 pm

Nepal Bus Accident Baitadi : खुशियां मातम में बदलीं: दुल्हन लेकर लौट रही बरातियों की बस खाई में गिरी, 13 की मौत

Bus accident site in Baitadi Nepal 13 killed in wedding party bus plunge

Nepal Bus Accident Baitadi : भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार की रात एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने शादी की खुशियों को चीख-पुकार में बदल दिया। बैतडी से बजांग जा रही बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 13 बरातियों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 34 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

दुल्हन लेकर लौट रही थी बस, 150 मीटर नीचे जा गिरी


हादसा गुरुवार की रात उस वक्त हुआ जब बस बैतडी के पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर विदा हुई थी और बजांग के सुनकुडा जा रही थी। रास्ते में पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास एक तीखी चढ़ाई और घुमाव पर बस का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बस सड़क से फिसलकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात का समय होने के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने अंधेरे में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकाला।

ओवरलोडिंग बनी काल, चढ़ाई नहीं चढ़ पाई बस


प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस में क्षमता से अधिक सवारियों का होना माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस में बरातियों की संख्या काफी ज्यादा थी। बड़गांव मोड़ के पास खड़ी चढ़ाई पर लोड ज्यादा होने के कारण बस ऊपर नहीं चढ़ पाई और पीछे की तरफ लुढ़कते हुए बेकाबू होकर खाई में गिर गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 लोगों की मौत तो मौके पर ही हो गई थी, जबकि 5 लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

खुशियां मातम में बदलीं: चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर 150 मीटर नीचे गिरी बस,  ओवरलोडिंग बनी काल,13 की मौत 34 घायल - Pahad Today

13 साल के बच्चे समेत इन्होंने गंवाई जान


इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। मरने वालों में एक 13 साल का मासूम अशोक राज जोशी भी शामिल है। मृतकों की पहचान केशव राज जोशी (40), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40), पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी के रूप में हुई है।

गंभीर घायलों को धनगढी रेफर किया गया


हादसे के बाद अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल है। 25 घायल बरातियों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है। वहीं, 5 लोगों की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर कर दिया गया है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

यह भी पढ़े : https://babugirihindi.com/archives/4654

 

Ravi Kumar
Author: Ravi Kumar

News

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें