August 27, 2026 5:07 am

August 27, 2026 5:07 am

करनाल धान घोटाला: 5 सरकारी अफसर गिरफ्तार, SIT रिपोर्ट के बाद देर रात कार्रवाई

धान खरीद-भंडारण में करोड़ों की हेराफेरी का खुलासा, मंडी और विभागों में मचा हड़कंप
करनाल, हरियाणा: हरियाणा के करनाल जिले में धान खरीद और भंडारण से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर देर रात की गई, जब पुलिस टीमों ने आरोपियों को उनके घरों से हिरासत में लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मंडी और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में इंद्री के हरियाणा वेयरहाउसिंग से जुड़े तकनीकी सहायक प्रदीप कुमार, इंद्री फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर रणधीर सिंह, तरावड़ी से फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, असंध में हैफेड मैनेजर प्रमोद कुमार और निसिंग में हैफेड मैनेजर दर्शन सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, SIT की विस्तृत जांच में सामने आया है कि इन अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आपसी मिलीभगत से धान खरीद, स्टोरेज और रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की। जांच के दौरान दस्तावेजों, रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इनकी संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई अमल में लाई गई।
सूत्रों का कहना है कि घोटाले में फर्जी एंट्री, स्टॉक में हेराफेरी और नियमों को दरकिनार कर भुगतान कराने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन से अधिकारी, एजेंट या निजी लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं। वहीं, इस कार्रवाई के बाद मंडी व्यवस्था और खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और घोटाले से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 8 7 2 4
Total Users : 398724
Total views : 643666

शहर चुनें