August 27, 2026 11:07 pm

August 27, 2026 11:07 pm

नकली आयकर अधिकारी बनकर 30 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

सूरत के ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में फिल्मी अंदाज में ठगी की कोशिश, वराछा पुलिस ने ब्लिस होटल से दबोचा आरोपी

सूरत (गुजरात): सूरत के ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट में खुद को आयकर अधिकारी बताकर व्यापारियों को डराने और मोटी रकम वसूलने की कोशिश करने वाले एक शातिर ठग को वराछा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजस्थान के पाली जिले का निवासी है, जो फिल्मी अंदाज में ‘क्लास-वन अधिकारी’ बनकर बाजार में पहुंचा था, लेकिन उसकी ओवर-एक्टिंग ही उसके पकड़े जाने की वजह बन गई।
पुलिस के मुताबिक 51 वर्षीय विजय सिंह रावत सिंह चौहान एक दिन पहले ही सूरत आया था। ग्रेजुएट विजय सिंह ने ठगी के लिए पूरी तैयारी की थी—ब्रांडेड गॉगल्स, टाई, इस्त्री किया हुआ कोट और हाथ में नकली आयकर फाइलें लेकर उसने ऐसी एंट्री की कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए। उसने ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट के एक व्यापारी को टैक्स गड़बड़ी का डर दिखाते हुए 30 लाख रुपये की मांग की।
व्यापारी से कहासुनी के बाद सौदा 4 लाख रुपये में तय हुआ। आरोपी रकम लेने के लिए ग्लोबल मार्केट के पास स्थित ब्लिस होटल पहुंचा। हालांकि बातचीत के दौरान शक होने पर व्यापारी ने वराछा पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी पैसे लेने आया, उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वर्ष 1989 में ग्रेजुएशन किया था और पाली में टैक्स से जुड़े रिटेल काम के चलते उसे आयकर विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर वह व्यापारियों को धमकाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इससे पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।
सूरत सिटी पुलिस के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि वराछा थाना क्षेत्र में नकली आयकर अधिकारी का भंडाफोड़ किया गया है। आरोपी बिना किसी वैध आईडी के व्यापारियों से कैश सेटलमेंट की बात कर रहा था। उसके खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी ने लोगों से अपील की कि कोई भी आयकर विभाग, क्राइम ब्रांच या अन्य सरकारी एजेंसी कैश सेटलमेंट नहीं करती। यदि इस तरह की कोई मांग की जाए, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 3 1
Total Users : 399231
Total views : 644462

शहर चुनें