April 5, 2026 6:19 am

April 5, 2026 6:19 am

सोनीपत में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे सात दोस्तों की स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, पांच की मौत

सोनीपत: सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे सात दोस्तों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

घडवाल–भावड रोड पर हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार HR 98 B 9988 नंबर की स्कॉर्पियो घडवाल से भावड रोड पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। गाड़ी में सात युवक सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पांच युवकों की मौके पर मौत
हादसे में गोलू (निवासी घुसकानी), अकुश पुत्र जयपाल, दीपक, सागर और साहिल पुत्र सतबीर (सभी निवासी खिडवाली) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतकों की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। गोलू शादीशुदा था, जबकि बाकी चार अविवाहित थे। एक साथ पांच युवाओं की मौत से गांव खिडवाली और घुसकानी में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो गंभीर घायल, पीजीआई में भर्ती
हादसे में अंकित और सागर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को खानपुर स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। वहीं, मोहित को हल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित है।

पुलिस कर रही है जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सोनीपत पुलिस के इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने बताया कि सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और गांव भावड में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। गांव घडवाल के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

चश्मदीद ने बयां किया दर्दनाक मंजर
घटना के चश्मदीद युवक सन्नी ने बताया, “हमने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। अंदर फंसे युवकों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मंजर बेहद भयावह था।”
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है। गांवों में शोक का माहौल है और मृतकों के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें