पुणे (महाराष्ट्र): शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष को रविवार सुबह अचानक अस्वस्थता और अत्यधिक थकान महसूस होने के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत की निगरानी कर रही है।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता को खांसी और गले में संक्रमण की शिकायत थी। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आवश्यक जांचें की जा रही हैं।
उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने बताया कि हाल ही में भी उनके स्वास्थ्य में गिरावट आई थी, जिसके चलते उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। चार से पांच दिन इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और डॉक्टरों ने उन्हें तीन से चार दिन आराम करने की सलाह दी थी।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों, नर्सों और सहयोगी स्टाफ का आभार जताया था। उन्होंने कहा था कि शरद पवार ने भी उनके स्वास्थ्य के बारे में चिंता जताने वाले सभी लोगों का दिल से धन्यवाद किया है।
महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता शरद पवार की तबीयत को लेकर समर्थकों में चिंता का माहौल है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।












Total Users : 294710
Total views : 498565