August 29, 2026 3:53 am

August 29, 2026 3:53 am

गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हमला: दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या, गैंगस्टर-आतंकी एंगल से जांच

गुरदासपुर: सीमावर्ती इलाके गुरदासपुर के दोरंगला थाना क्षेत्र के आदिआ गांव स्थित एक पुलिस चौकी में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां तैनात दो पुलिसकर्मियों की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान होमगार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 6 खाली कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है।

सुबह फोन का जवाब न मिलने पर खुला राज
एसएसपी आदित्य के अनुसार, सुबह दोरंगला थाना के एसएचओ बनारसी दास ने चौकी में संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद एक ग्रामीण को मौके पर भेजा गया। ग्रामीण ने चौकी के कमरे में दोनों पुलिसकर्मियों के शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

एसएसपी आदित्य ने बताया,
“घटना की सूचना मिलते ही मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। चौकी के कमरे में दोनों पुलिसकर्मी मृत पाए गए। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना की जांच गैंगस्टरों और आतंकवादियों से जुड़े एंगल से भी की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया गया है।”

बीएसएफ और फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ के डीआईजी जसविंदर कुमार बर्डी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा कर रही है।

सीमावर्ती क्षेत्र होने से बढ़ी संवेदनशीलता
गुरदासपुर पाकिस्तान सीमा से सटा संवेदनशील इलाका है। ऐसे में इस वारदात को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 8 0
Total Users : 400080
Total views : 645610

शहर चुनें