June 21, 2026 3:13 pm

June 21, 2026 3:13 pm

हरियाणा बजट 2026-27 : स्पीकर के हलके को बड़ी सौगातें

घरौंडा में होगा एचएसवीपी सेक्टर का विकास
घरौंडा के हसनपुर में बनेगा 100 एकड़ का डियर पार्क
दिल्ली–करनाल रैपिड रेल कनेक्टिविटी की घोषणा
करनाल में 600 एकड़ में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के लिए केंद्र से अनुमति का प्रयास

चंडीगढ़, 2 मार्च। हरियाणा विधान सभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने करनाल जिले के घरौंडा विधान सभा क्षेत्र के लिए भी अनेक विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इन घोषणाओं का विधान सभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधान सभा क्षेत्र से विधायक हरविन्द्र कल्याण ने उनका आभार प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना बजट अभिभाषण प्रस्तुत करते हुए प्रस्ताव रखा कि घरौंडा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का सेक्टर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही विधान सभा क्षेत्र के गांव हसनपुर में 100 एकड़ का डियर पार्क स्थापित होगा। इनके अतिरिक्त दिल्ली से करनाल तक रैपिड रेल कनेक्टिविटी बनाने की भी घोषणा की।
इसके साथ ही करनाल में 600 एकड़ में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के लिए केंद्र से अनुमति का प्रयास भी रहेगा।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इलाके को तेज व आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से हलके में शहरी विकास, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रस्तुत बजट संतुलित और प्रदेश के विकास को गति देने वाला साबित होगा।

फोटो कैप्शन :
हरियाणा विधान सभा में सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रस्तुत करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
__

 

हरियाणा विधान सभा में होली मिलन समारोह का आयोजन
सेरेमोनियल गेट पर खेली फूलों की होली
चंडीगढ़, 2 मार्च
हरियाणा विधान सभा में सोमवार को होली का पावन पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास, रंगों और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। बजट सत्र के दौरान मुख्य मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट भाषण प्रस्तुत किए जाने के उपरांत, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा पत्रकारों के साथ सेरेमोनियल गेट पर पहुंचे, जहां फूलों की होली खेली गई। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं और सद्भावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से वातावरण को उल्लासमय बना दिया। विधान सभा परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर दिखाई दिया और मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने औपचारिक दायित्वों के बीच कुछ पल आपसी आत्मीयता के साथ बिताए।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती भी इसी भावना पर आधारित होती है, जहां मतभेदों के बावजूद संवाद, सहयोग और सम्मान की परंपरा कायम रहती है।
उन्होंने कहा कि विधान सभा जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करने वाला सर्वोच्च मंच है, और यहां पर विभिन्न विचारधाराओं के लोग जनता की भलाई के लिए एकत्रित होते हैं। ऐसे में होली का यह पर्व हमें याद दिलाता है कि राजनीतिक मतभेद व्यक्तिगत संबंधों में दूरी का कारण नहीं बनने चाहिए। बल्कि विविधता में एकता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 9 1
Total Users : 349091
Total views : 576376

शहर चुनें