June 21, 2026 2:51 pm

June 21, 2026 2:51 pm

सेक्टर-17 की पार्किंगों में सरकारी कंडम वाहनों का कब्जा, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

रमेश गोयत
चंडीगढ़, 3 मार्च। शहर के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र सेक्टर-17 की निगम पार्किंगों में लंबे समय से खड़े सरकारी कंडम वाहनों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई वाहन वर्षों से सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर खड़े होकर अवैध कब्जा किए हुए थे, जिससे आम लोगों के लिए पार्किंग स्थान कम पड़ रहे थे।
खास तौर पर बैंक स्क्वायर क्षेत्र में बैंकों के मुख्यालयों के सामने कई कंडम वाहन खड़े पाए गए, जिनमें बैंकों से संबंधित वाहन भी शामिल थे। व्यस्त बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग की कमी के कारण उन्हें दिक्कत झेलनी पड़ रही थी।

6 लावारिस कारें जब्त
स्थिति का संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ नगर निगम ने मंगलवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस के निर्देशों पर सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर से छह लावारिस कारों को जब्त किया गया।
प्रवर्तन टीम ने जांच के दौरान पाया कि ये वाहन लंबे समय से सार्वजनिक पार्किंग स्थल पर खड़े थे और इनका कोई नियमित उपयोग नहीं हो रहा था। कार्रवाई के तहत वाहनों को उठाकर निगम के कब्जे में लिया गया।

बैंक के खिलाफ चालान
निगम ने बताया कि जब्त किए गए वाहन बैंकों से संबंधित थे। सार्वजनिक स्थान पर अनाधिकृत कब्जे के मामले में संबंधित बैंक के खिलाफ चालान भी जारी किया गया है।

शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने का अभियान
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण एवं अनधिकृत कब्जों से मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम ने चेतावनी दी है कि किसी भी सरकारी या निजी संस्था द्वारा सार्वजनिक पार्किंग का दुरुपयोग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
सेक्टर-17 आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों और वाहन चालकों ने निगम की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि वर्षों से खड़े कंडम वाहनों के हटने से पार्किंग की उपलब्धता बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी।
नगर निगम की इस पहल को सेक्टर-17 की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 8 3
Total Users : 349083
Total views : 576367

शहर चुनें