September 20, 2026 12:17 am

September 20, 2026 12:17 am

CHANDIGARH: सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी में बस क्यू शेल्टर की मांग को लेकर फूटा रोष, प्रशासन पर अनदेखी का आरोप

चंडीगढ़ (मनीमाजरा): मनीमाजरा क्षेत्र के सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी में बस क्यू शेल्टर की सुविधा न होने को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन पर क्षेत्र की लंबे समय से अनदेखी करने का आरोप लगाया है और जल्द से जल्द आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाने की मांग उठाई है।
एसोसिएशन का कहना है कि करीब 30 हजार से अधिक आबादी वाले इस क्षेत्र में आज तक बस यात्रियों के लिए कोई स्थायी बस स्टैंड या शेल्टर नहीं बनाया गया, जिससे रोजाना सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
धूप, बारिश और ठंड में खुले आसमान के नीचे इंतजार
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि कई बार समाचार पत्रों और विभिन्न माध्यमों से प्रशासन तक यह मुद्दा पहुंचाया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस समस्या को लेकर “कुंभकर्णी नींद” में सोया हुआ है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दो बड़े सरकारी स्कूल, कई निजी स्कूल और एक डिस्पेंसरी है। ऐसे में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, मरीज और कामकाजी लोग बस का इंतजार करने के लिए सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर होते हैं।
बस शेल्टर न होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को चिलचिलाती धूप, भारी बारिश और कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

कई प्रमुख क्षेत्रों के लिए चलती हैं बसें
राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि इस स्थान से बसें आईटी पार्क, मनीमाजरा बस स्टैंड, माता मनसा देवी, मोहाली और पंचकूला जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए चलती हैं। इसके बावजूद यहां कोई तय बस स्टैंड या शेल्टर नहीं बनाया गया है, जो स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

स्मार्ट बस क्यू शेल्टर बनाने की मांग
मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रशासन से केवल साधारण बस स्टैंड नहीं बल्कि आधुनिक ‘स्मार्ट बस क्यू शेल्टर’ बनाने की मांग की है। एसोसिएशन के अनुसार इसमें निम्नलिखित सुविधाएं शामिल की जानी चाहिए:
पीने के साफ पानी की व्यवस्था
रात के समय पर्याप्त बिजली और रोशनी
स्वच्छ वॉशरूम (शौचालय)
बसों के समय की जानकारी देने वाला डिजिटल टाइम-टेबल डिस्प्ले बोर्ड
“लोग खुद को दोयम दर्जे का नागरिक महसूस कर रहे”
एसोसिएशन के पदाधिकारियों प्रधान श्याम सुंदर, चेयरमैन सुभाष धीमान, महासचिव शक्ति श्रीवास्तव और समाजसेवी पूजा रॉय ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रशासन की लगातार अनदेखी के कारण क्षेत्र के लोग खुद को “दोयम दर्जे का नागरिक” महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आईटी पार्क जैसे आधुनिक क्षेत्र के पास होने के बावजूद सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी की हजारों आबादी को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने प्रशासन से इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यहां आधुनिक बस क्यू शेल्टर का निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र के लोग आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 4 3
Total Users : 416443
Total views : 667522

शहर चुनें