वाल्मीकि समाज में भारी रोष, बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे; आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
चंडीगढ़, 7 मार्च: रंगों और भाईचारे का प्रतीक होली का त्योहार इस बार चंडीगढ़ के मौलीजागरां स्थित विकास नगर इलाके में हिंसा की घटना से दागदार हो गया। होली के दिन 4 मार्च को कथित तौर पर 15 से 20 हमलावरों ने डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्टर सोसाइटी के प्रधान धर्मवीर राणा पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में धर्मवीर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार हमलावर कृपाण और गंडासी जैसे तेजधार हथियारों से लैस होकर अचानक मौके पर पहुंचे और धर्मवीर राणा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उनके हाथों पर गहरी चोटें आईं, जबकि पैर पर भी वार किया गया। लगातार हमले के कारण वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल धर्मवीर राणा को तुरंत सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
वाल्मीकि समाज में रोष, थाने पहुंचे लोग
घटना के बाद डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्टर कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज में भारी रोष देखने को मिला। शनिवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग और कर्मचारी मौलीजागरां थाने पहुंचे और थाना प्रभारी हरिओम शर्मा से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की हिंसक घटना से पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि पहुंचे
मौके पर एरिया पार्षद मनोज सोनकर, भाजपा नेता ओमप्रकाश सैनी, कृष्ण चड्डा, वाल्मीकि शोभायात्रा कमेटी के संयोजक समदर्श वेद जोसफ, ओमपाल चावर, मुकेश रॉय, मोंटी मलिक, लव कुमार, धीरज कुमार, चेयरमैन रणवीर सिंह गुग्गी, बिजेंद्र डोलगच और डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्टर महिला प्रधान सोनिया अटवाल सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे।

पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर मौलीजागरां थाना प्रभारी हरिओम शर्मा ने बताया कि होली के दिन 15 से 20 हमलावरों ने धर्मवीर राणा पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया। पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Total Users : 291140
Total views : 493320