April 5, 2026 12:41 pm

April 5, 2026 12:41 pm

PANCHKULA: कालका में ‘अतिथि देवो भव’ की मिसाल

न्यूजीलैंड के पर्यटक का पासपोर्ट व दस्तावेजों से भरा बैग पंचकूला पुलिस ने 3 घंटे में ढूंढ निकाला

विदेशी मेहमान बोले – ‘थैंक्यू पंचकूला पुलिस’, पुलिस की तत्परता से लौटी मुस्कान
पंचकूला। हरियाणा की कालका में पंचकूला पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी और सेवा भाव का परिचय देते हुए विदेशी पर्यटकों का विश्वास जीत लिया। हिमाचल प्रदेश घूमने आए न्यूजीलैंड के पर्यटकों के दल के एक सदस्य का पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग ऑटो में छूट गया था, जिसे पुलिस ने मात्र तीन घंटे में तलाश कर सुरक्षित वापस कर दिया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से विदेशी पर्यटक बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने “थैंक्यू पंचकूला पुलिस” कहकर आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार न्यूजीलैंड से आए पर्यटकों का एक समूह शिमला की यात्रा पर था और वे कालका के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार शाम को होटल लौटते समय एक विदेशी युवक अपना बैग ऑटो रिक्शा में ही भूल गया। बैग में उसका पासपोर्ट, वीजा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। कुछ देर बाद जब उसे इसका पता चला तो पर्यटक घबरा गए और तुरंत पुलिस की मदद लेने के लिए पहुंचे।
रविवार रात करीब 7 बजे पर्यटकों ने कालका थाना के पास तैनात ईआरवी-522 टीम से संपर्क किया। उस समय टीम का नेतृत्व थाना इंचार्ज रामू स्वामी कर रहे थे और ईआरवी में सब-इंस्पेक्टर अनिल तथा एसपीओ सुच्चा सिंह मौजूद थे। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए इलाके में ऑटो चालकों से संपर्क साधना शुरू किया और संभावित मार्गों पर तलाश अभियान चलाया।
पुलिस की लगातार कोशिशों का परिणाम यह रहा कि महज तीन घंटे के भीतर रात करीब 10 बजे उस ऑटो चालक का पता लगा लिया गया, जिसमें पर्यटक अपना बैग भूल गया था। पुलिस ने तुरंत बैग बरामद कर लिया और उसमें रखे पासपोर्ट, वीजा सहित सभी दस्तावेज सुरक्षित हालत में विदेशी युवक को वापस सौंप दिए।
अपना कीमती सामान वापस पाकर विदेशी पर्यटक भावुक हो गया और उसने पंचकूला पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि अगर बैग नहीं मिलता तो उनके लिए यह यात्रा बेहद परेशानी भरी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस तेजी और ईमानदारी से मदद की, उससे उनका भारत के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है और वे अपने देश लौटकर यहां के सकारात्मक अनुभव साझा करेंगे।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवास कविराज, पुलिस कमिश्नर पंचकूला (एडीजीपी) ने कहा कि भारत की संस्कृति में ‘अतिथि देवो भव’ की भावना सर्वोपरि है और देश में आने वाला हर पर्यटक हमारे लिए सम्मानित अतिथि के समान है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस का प्रयास रहता है कि यहां आने वाले हर पर्यटक को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिले, ताकि वे अपने देश लौटकर भारत की अच्छी छवि लेकर जाएं।
वहीं मनप्रीत सिंह सूदन, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक पंचकूला ने कहा कि जनसेवा और सुरक्षा पुलिस का पहला कर्तव्य है। उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिस तेजी और जिम्मेदारी के साथ अधिकारियों ने विदेशी पर्यटकों की मदद की, वह पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पंचकूला पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले मेहमानों की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 4 0
Total Users : 291140
Total views : 493320

शहर चुनें