हरियाणा सरकार और IRCTC के बीच एमओयू साइन, अयोध्या से वैष्णो देवी तक कई पवित्र स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने के लिए एक नई पहल की है। अब ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत पात्र श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से विभिन्न धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग और IRCTC की ओर से सर्कल रीजनल मैनेजर हरजोत सिंह संधू ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी हर्ष दीप और नितिन शर्मा के अलावा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई ट्रेन सेवा
महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा सरकार ने बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र स्थलों की यात्रा कराने के लिए ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की है। अभी तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से हरियाणा रोडवेज की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों बुजुर्गों को अयोध्या सहित कई तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अब ट्रेन के माध्यम से भी तीर्थ यात्रा की व्यवस्था की जा रही है। इसी उद्देश्य से IRCTC के साथ यह समझौता किया गया है।
इन तीर्थ स्थलों की करवाई जाएगी यात्रा
समझौते के तहत हरियाणा के श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।
इनमें प्रमुख रूप से—
अयोध्या
वाराणसी
पटना साहिब
नांदेड़ साहिब
पुष्कर
वैष्णो देवी
शिरडी और शनि शिंगणापुर
सरकार के अनुसार आवश्यकता के अनुसार भविष्य में अन्य तीर्थ स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है।
यात्रा के दौरान सभी सुविधाएं होंगी मुफ्त
पांडुरंग ने बताया कि तीर्थ यात्रा के लिए चलने वाली एक ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए रखा जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक बसों की सुविधा और ठहरने का पूरा प्रबंध हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क किया जाएगा।
क्या है ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’
‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, उन्हें पवित्र स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाई जाती है। इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्ति को सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करना होता है।
यह योजना प्रदेश के बुजुर्ग नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक जुड़ाव को भी बढ़ावा देने का प्रयास है।











Total Users : 291250
Total views : 493505