मोहाली/चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के स्टेट साइबर क्राइम डिवीजन ने महिलाओं को निशाना बनाकर सोशल मीडिया के जरिए पैसे ऐंठने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.49 लाख रुपये नकद, 500 अमेरिकी डॉलर, 29 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक भार्गव, आकाश भार्गव उर्फ अमन और लक्की भार्गव के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले सगे भाई हैं और फिलहाल मोहाली के सेक्टर-70 में रह रहे थे। पुलिस ने इनके ठिकाने से 29 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक डोंगल, एक टैबलेट और मोबाइल फोन के 38 खाली डिब्बे भी बरामद किए हैं।
डीजीपी ने बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए वे वॉयस-चेंजिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर महिला जैसी आवाज में बातचीत करते थे। इसके बाद वे एआई तकनीक से तैयार किए गए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलते थे।
स्पेशल डीजीपी साइबर क्राइम वी. नीरजा ने बताया कि इस गिरोह का खुलासा एक पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 से 2025 के बीच कनाडा में रह रही युवती से करीब 3.10 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
जांच के दौरान एसपी जसपिंदर सिंह की निगरानी में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के एसएचओ अमनदीप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना आकाश भार्गव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आकाश ने करीब दो साल पहले इस ठगी का तरीका तैयार किया था और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाता था। कई मामलों में आरोपी खुद को धार्मिक गुरु या ज्योतिषी बताकर भी लोगों से पैसे ऐंठते थे।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने करीब 40 लाख रुपये की ठगी करने की बात कबूल की है। मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की पहचान के लिए जांच जारी है।
इस संबंध में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मोहाली में एफआईआर नंबर 14, दिनांक 8 अगस्त 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की एडवाइजरी
स्पेशल डीजीपी वी. नीरजा ने लोगों, खासकर महिलाओं को सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों या स्वयं को ज्योतिषी अथवा मददगार बताने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। निजी जानकारी या फोटो-वीडियो किसी के साथ साझा न करें।
यदि कोई व्यक्ति फोटो या वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगता है तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से बचें।










Total Users : 291139
Total views : 493319