चंडीगढ़। हरियाणा में रविवार को हुई तेज बारिश और आंधी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 3.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। मौसम में आई इस ठंडक से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है।
कई जिलों में ओलावृष्टि, गेहूं-सरसों की फसल प्रभावित
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। पानीपत, अंबाला, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जींद और कैथल में ओले गिरने की खबरें सामने आई हैं।
तेज हवाओं और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में गेहूं की खड़ी फसल खेतों में झुक गई, जबकि पक चुकी सरसों की फसल के दाने झड़ने से किसानों को नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा तो रबी की फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
यमुनानगर में टूटा हाई वोल्टेज तार, ट्रेनों को रोकना पड़ा
यमुनानगर में रविवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान शिव कॉलोनी के पास हाई वोल्टेज बिजली लाइन का तार टूटकर रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रहे तारों पर गिर गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही रोक दी।
इस घटना के कारण आसपास के दो घरों में बिजली के उपकरण जल गए, जबकि शिव कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाद में बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, करनाल, पलवल और रोहतक में आंधी के बाद बारिश हुई।
सबसे ज्यादा 4.0 मिलीमीटर वर्षा मेवात के मंढोला क्षेत्र में दर्ज की गई। इसके अलावा करनाल के इंद्री में 3.5 मिमी और गुरुग्राम में 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अंबाला में 0.2 से 0.3 मिमी तक हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
हिसार और सिरसा में सबसे ज्यादा गिरा तापमान
मौसम में आए बदलाव के चलते कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हिसार में तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक कमी रही।
हालांकि प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य औसत के आसपास बना हुआ है। महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
18 मार्च से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 मार्च के बीच कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 18 से 21 मार्च के बीच मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।













Total Users : 344104
Total views : 569490