April 5, 2026 6:46 pm

April 5, 2026 6:46 pm

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में धांधली का आरोप: कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 19 मार्च: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा कांग्रेस विधायक दल ने आज राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने इस ज्ञापन में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव में बीजेपी और निर्वाचन अधिकारी के कथित मिलीभगत का आरोप लगाया।
हुड्डा ने कहा, “जिसको रहनुमा चुना था उजाले की खातिर, वो ही अंधेरों से सौदा कर बैठे।”
ज्ञापन में बताया गया कि हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं, जिसमें बीजेपी के 48, कांग्रेस के 37, इंडियन नेशनल लोक दल के 2 और 3 निर्दलीय विधायक हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए न्यूनतम 31 मतों की आवश्यकता थी।
सामान्य परिस्थितियों में कांग्रेस और बीजेपी प्रत्येक एक सीट जीतने वाली थीं, लेकिन बीजेपी ने उपाध्यक्ष सतीश नंदल को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारकर अप्रत्याशित कदम उठाया। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक खरीद-फरोख्त, धमकी, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और संस्थागत दबाव का उदाहरण बताया।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि निर्वाचन अधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) पंकज अग्रवाल ने कांग्रेस के वैध मतों को रद्द किया और बीजेपी एवं निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में मतों को मान्यता दी। कांग्रेस के मतगणना एजेंटों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। कांग्रेस ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को भी शिकायत भेजी है।
कांग्रेस विधायक दल ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे इस अनैतिक एवं अलोकतांत्रिक व्यवहार की जांच कराएं और निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ज्ञापन सौंपने के बाद हुड्डा और पार्टी के विधायक पत्रकारों से मुखातिब हुए।
विधायक भारत भूषण बात्रा ने कहा कि बीजेपी ने तीसरा उम्मीदवार खड़ा कर साजिश की। सतीश नंदल बीजेपी के उपाध्यक्ष होने के बावजूद निर्दलीय घोषित किए गए।
विधायक अशोक अरोड़ा ने बताया कि कांग्रेस के वोट सही तरीके से डाले गए, लेकिन बाद में कैंसिल कर दिए गए। अन्य वैध वोटों को भी गिनती के अंतिम चरण में रद्द कर दिया गया।
हुड्डा ने वित्तीय स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2026-27 के बजट अनुसार हरियाणा का कुल ऋण लगभग ₹5.56 लाख करोड़ हो गया है। पूंजीगत व्यय के लिए केवल ₹21,756 करोड़ शेष हैं, जो नए मेडिकल कॉलेज, सड़कें, पुल और अन्य परियोजनाओं के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
विधायक रघुवीर सिंह कादियान ने आरोप लगाया कि ना केवल चुनाव, बल्कि विधानसभा में भी सरकार का रवैया अलोकतांत्रिक रहा। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव और किसानों के मुद्दों पर चर्चा कराने की कोशिश की, लेकिन बीजेपी ने विपक्ष की आवाज दबा दी।
कांग्रेस का कहना है कि यह घटना न केवल हरियाणा विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुँचाती है, बल्कि पूरे देश में लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
राज्यपाल ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि वह जनता के साथ मिलकर लोकतंत्र-विरोधी साजिश के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 1
Total Users : 291251
Total views : 493506

शहर चुनें