June 21, 2026 2:02 pm

June 21, 2026 2:02 pm

चंडीगढ़ में 27-28 मार्च को होगा ‘सूर्य किरण’ एयर शो, तैयारियों का जायजा

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 मार्च 2026: चंडीगढ़ में 27 एवं 28 मार्च को सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सिविल एयर शो 2026 के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में आज उपायुक्त निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में वायु सेना, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग सहित अन्य एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने इस आयोजन को शहर के लिए गौरव का विषय बताते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सटीक योजना और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल, सुरक्षा व्यवस्था, इमरजेंसी रिस्पॉन्स, चिकित्सा सुविधाएं और स्वच्छता जैसे सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।
बैठक में वायु सेना के साथ एयरस्पेस मैनेजमेंट, तकनीकी तैयारियों और रिहर्सल को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। वहीं पुलिस विभाग को ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के लिए व्यापक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पास के जरिए मिलेगी एंट्री
एयर शो में प्रवेश पास के माध्यम से होगा। ये पास 24 मार्च से Chandigarh Tourism App पर प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क के साथ उपलब्ध होंगे। प्रतिदिन अधिकतम 10,000 दर्शकों को ही कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था विशेष
सुखना झील के आसपास निजी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए शहर में सात पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए जाएंगे। अंतिम पिक-अप समय सुबह 9:00 बजे तय किया गया है।
सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी
प्रशासन ने दर्शकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी, जबकि 3 साल से कम उम्र के बच्चों को कार्यक्रम में लाने से मना किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की जानकारी, एंट्री प्रक्रिया और सुरक्षा दिशा-निर्देशों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह एयर शो शहर के लिए यादगार और सुरक्षित आयोजन साबित हो सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 6 4
Total Users : 349064
Total views : 576340

शहर चुनें