April 12, 2026 3:10 pm

April 12, 2026 3:10 pm

बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त हटाने की मांग तेज, 12 अप्रैल से मंडियों का दौरा करेंगे अभय चौटाला और रामपाल माजरा

चंडीगढ़, 8 अप्रैल: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने किसानों पर लागू बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त को “बेमतलब” बताते हुए इसे तुरंत हटाने की मांग उठाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने ऐलान किया है कि वे 12 अप्रैल से ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रदेश की विभिन्न मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों की समस्याएं सुनेंगे।
रामपाल माजरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस अभियान की शुरुआत 12 अप्रैल को कैथल और जींद से होगी। इसके बाद 13 अप्रैल को भिवानी और हांसी तथा 15 अप्रैल को हिसार, फतेहाबाद और सिरसा की मंडियों का दौरा किया जाएगा। इस दौरान पार्टी नेताओं द्वारा किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा डबवाली से विधायक अदित्य देवीलाल 13 अप्रैल को झज्जर और रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला 9 अप्रैल को पलवल और मोहना मंडी तथा 10 अप्रैल को सोनीपत और रोहतक की मंडियों का दौरा करेंगे।
“किसानों पर थोपे गए नियम बन रहे परेशानी का कारण”
रामपाल माजरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों पर ऐसी कठोर शर्तें थोप दी हैं, जो अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकरण के लिए कई दस्तावेज देने पड़े और अब गेट पास के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी शर्तें लागू कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि इनेलो द्वारा किसानों की मदद के लिए मंडियों में “किसान कष्ट निवारण केंद्र” खोले गए हैं, जिससे किसानों को राहत मिल रही है।
इनेलो की मांगें और सरकार के फैसले
माजरा ने दावा किया कि इनेलो द्वारा उठाई गई कई मांगों को सरकार पहले ही मान चुकी है। इनमें 24 घंटे मंडियां खोलना, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट की अनिवार्यता हटाना, फसल खरीद केंद्रों के लाइसेंस का नवीनीकरण और ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल को खोलना शामिल है। उन्होंने इन फैसलों का श्रेय चौधरी अभय सिंह चौटाला को दिया।
“घोटाले रोकने के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा”
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार को घोटाले रोकने हैं तो अधिकारियों और व्यापारियों की मिलीभगत पर कार्रवाई करनी चाहिए, न कि किसानों पर बेवजह की शर्तें लागू करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नियमों की आड़ में किसानों को परेशान किया जा रहा है।
बेमौसमी बारिश से नुकसान, मुआवजे की मांग
रामपाल माजरा ने हाल ही में सोमवार और मंगलवार को हुई बेमौसमी बारिश का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि तुरंत विशेष गिरदावरी करवाई जाए और किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
इनेलो ने स्पष्ट किया कि वह किसानों के हितों की रक्षा के लिए इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी तेज किया जाएगा।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 5 5 1 8
Total Users : 295518
Total views : 499696

शहर चुनें