April 10, 2026 10:06 pm

April 10, 2026 10:06 pm

हरियाणा के विद्यालयों में ‘वीणा’ का स्वर: कक्षा 4-5 के लिए नई हिंदी पाठ्यपुस्तक लागू, कैथल के शिक्षक का राष्ट्रीय योगदान

कैथल, 10 अप्रैल 2026: हरियाणा के सरकारी विद्यालयों में अब कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की पढ़ाई एक नए और रोचक अंदाज में कराई जाएगी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), गुरुग्राम के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 से राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित ‘वीणा’ हिंदी पाठ्यपुस्तक को लागू कर दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कैथल सुभाष कुमार ने बताया कि यह पाठ्यपुस्तक विद्यार्थियों को खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से हिंदी सिखाने पर केंद्रित है। ‘वीणा’ पुस्तक को इस तरह तैयार किया गया है कि छात्र सरल, रोचक और छात्र-केंद्रित तरीके से भाषा सीख सकें, जिससे उनमें सीखने की रुचि स्वाभाविक रूप से विकसित हो।


इस पहल की खास बात यह है कि कैथल जिले के आरोही स्कूल ग्योंग में कार्यरत हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय चावला ने इस राष्ट्रीय स्तर की पाठ्यपुस्तक के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डॉ. चावला हरियाणा से इस समिति के एकमात्र सदस्य रहे, जिन्होंने पुस्तक के विकास में सक्रिय योगदान दिया।
डॉ. चावला ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात के दौरान बताया कि ‘वीणा’ पुस्तक में उनके द्वारा तैयार की गई नवाचारी और खेल-आधारित गतिविधियों को भी शामिल किया गया है, जो विद्यार्थियों के सीखने को अधिक प्रभावी और दिलचस्प बनाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने डॉ. विजय चावला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण, मेहनत और विषय की गहरी समझ इस पुस्तक की गुणवत्ता में स्पष्ट रूप से झलकती है। उन्होंने इसे जिले और पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय बताया कि राज्य के शिक्षक राष्ट्रीय स्तर की पाठ्यपुस्तकों के निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि ‘वीणा’ पाठ्यपुस्तक विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर डाइट कैथल से चंद्रकिशोर राय, अधीक्षक सुरेश कुमार, प्रवीण थरेजा, निर्मल सिंह और संदीप सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 4 9 1 4
Total Users : 294914
Total views : 498835

शहर चुनें