September 13, 2026 4:54 am

September 13, 2026 4:54 am

HARYANA: मंडियों में अव्यवस्था, किसानों को भुगतान में भारी देरी; बैंक घोटालों पर सरकार घिरी – दुष्यंत चौटाला

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 10 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की मंडियों में फसल खरीद की व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि समय पर खरीद, उठान और भुगतान न होने से किसान परेशान हैं, जबकि बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई में भी सरकार देरी कर रही है।
पंचकूला में आयोजित प्रेस वार्ता में चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश की मंडियों में 17.37 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक में से केवल 3.92 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई है। इसके मुकाबले किसानों को मात्र 13 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि कुल देय राशि लगभग 1030 करोड़ रुपये बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अभी तक एक प्रतिशत से भी कम भुगतान कर पाई है, जिससे स्पष्ट है कि मंडियों में बायोमेट्रिक, बारदाना, उठान और भुगतान जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी पूरी नहीं हैं।
चौटाला ने बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने गिरदावरी को केवल चार जिलों तक सीमित कर किसानों के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी में ओलावृष्टि तथा हिसार, हांसी, यमुनानगर, पंचकूला और अंबाला सहित कई जिलों में भारी बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रदेश में गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए और केंद्र से लस्टर लॉस की भरपाई के लिए तुरंत आग्रह किया जाए।
बैंकिंग घोटालों पर सरकार को घेरते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बिना राजनीतिक संरक्षण के सैकड़ों करोड़ रुपये के घोटाले संभव नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जेजेपी ने 24 फरवरी को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक केवल राज्य सतर्कता ब्यूरो ही जांच कर रहा है। चौटाला ने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को बेनकाब किया जाए और जनता के सामने पूरी रिकवरी का ब्यौरा रखा जाए।
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए चौटाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश के खराब हालात के बावजूद नायब सिंह सैनी प्राइवेट हेलीकॉप्टर से पंजाब दौरों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सरकारी हेलीकॉप्टर पिंजौर में खराब खड़े हैं, जबकि सरकार निजी हेलीकॉप्टर पर खर्च कर रही है।
एसवाईएल मुद्दे पर भी चौटाला ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपने रुख को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मुद्दे पर केवल औपचारिकता निभा रही है।
इस दौरान जेजेपी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने की बात कही और विपक्ष पर भी निशाना साधा। प्रेस वार्ता में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 2 4 7 2
Total Users : 412472
Total views : 662287

शहर चुनें