बाबूगिरी ब्यूरो
कैथल, 17 अप्रैल। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गुल्हा के बीडीपीओ जगजीत सिंह को ₹5 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना SV & ACB, अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत FIR नंबर 06 दिनांक 17 अप्रैल 2026 को दर्ज की गई है।
ब्यूरो के प्रमुख ए. एस. चावला ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को पूरी सख्ती से लागू कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने और हर शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
क्या था मामला—
शिकायतकर्ता संदीप सिंह ने ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी बीडीपीओ उनके और उनके परिजनों के 30–35 साल पुराने मकानों को गिराने की धमकी देकर ₹5 लाख की अवैध राशि की मांग कर रहा था। मकान न गिराने के बदले यह रिश्वत मांगी गई थी, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने इंस्पेक्टर सुबे सिंह के नेतृत्व में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके पर ही ₹5 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैप की पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत पूरी की गई।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।










Total Users : 299354
Total views : 505003