April 21, 2026 5:42 pm

April 21, 2026 5:42 pm

HARYANA: नशे और नशा तस्करों पर होगी कड़ी कार्रवाई: हरियाणा NCB प्रमुख संजय कुमार IPS

हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी नार्कोटिक्स यूनिट्स को जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

• अन्य एजेंसियों के साथ तालमेल बढ़ाकर नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के आदेश

• स्कूल-कॉलेजों में भी चलेंगे जागरूकता अभियान, गैंग पकड़ने वाले अधिकारी को ₹51,000 इनाम

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला/मधुबन, 17 अप्रैल 2026।
हरियाणा को नशा मुक्त बनाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हरियाणा एनसीबी प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार IPS की अध्यक्षता में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, सेक्टर-6 पंचकूला में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) इकाइयों के अधिकारी, यूनिट इंचार्ज और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशा तस्करों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों में सजा सुनिश्चित करना और “नशा मुक्त हरियाणा” मिशन को और प्रभावी बनाना रहा।

नशे के खिलाफ जन आंदोलन की जरूरत
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से नशे पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है, इसके लिए जन आंदोलन की आवश्यकता है। समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और प्रशासन को मिलकर इस लड़ाई को लड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि आदतन नशा तस्करों पर PIT NDPS Act के तहत नजरबंदी, NDPS मामलों में अधिक रिकवरी, तस्करों की संपत्ति अटैच करने और कमर्शियल मात्रा वाले मामलों में तेजी लाने के लिए सभी जिलों के नोडल अधिकारियों, थाना प्रभारियों और एनसीबी यूनिट इंचार्जों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

जनवरी से अप्रैल तक की कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक विभिन्न यूनिटों द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। एनसीबी प्रमुख ने निर्देश दिए कि—
वाणिज्यिक मात्रा वाले मामलों की संख्या बढ़ाई जाए
पुराने मामलों में फरार चल रहे तस्करों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
अदालतों में लंबित मामलों में अधिक से अधिक दोषियों को सजा दिलाई जाए
नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए तकनीकी जांच को मजबूत किया जाए
उन्होंने कहा कि साइबर तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग और आधुनिक इंटेलिजेंस सिस्टम का उपयोग बढ़ाकर नशा तस्करों तक तेजी से पहुंच बनाई जाए।

स्कूल-कॉलेजों में होगी निगरानी
संजय कुमार IPS ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
यह भी पता लगाया जाएगा कि इन संस्थानों तक नशा कहां से पहुंच रहा है और इसके पीछे कौन-से गैंग सक्रिय हैं। यदि कोई अधिकारी ऐसे गैंग का पर्दाफाश करता है, तो उसे ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

अन्य एजेंसियों से बढ़ेगा तालमेल
उन्होंने कहा कि जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल (ANCs) तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना जरूरी है, ताकि ड्रग्स की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म किया जा सके।
विशेष रूप से फार्मा ड्रग्स, सिंथेटिक ड्रग्स और नए प्रकार के नशों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

टोल फ्री हेल्पलाइन और मोबाइल ऐप से निगरानी
एनसीबी प्रमुख ने बताया कि नशा पीड़ितों की मदद और ड्रग पैडलिंग की जानकारी जुटाने के लिए राज्य में टोल फ्री एंटी-ड्रग हेल्पलाइन नंबर 9050891508 और 1933 पहले से शुरू किए जा चुके हैं।

इसके अलावा—
‘साथी’ मोबाइल ऐप: केमिस्ट स्टोर्स पर नशे में उपयोग होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए
‘प्रयास’ मोबाइल ऐप: नशा पीड़ितों का राज्यव्यापी डेटा तैयार करने और नशा तस्करों की पहचान में मदद के लिए
इन दोनों ऐप्स के माध्यम से नशे के खिलाफ डिजिटल निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में हरियाणा एनसीबी ब्यूरो प्रमुख एसपी मोहित हांडा IPS, उप पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, पंकज कुमार, जगजीत सिंह, सभी यूनिट इंचार्ज और अन्य कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त हरियाणा” अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों को और अधिक प्रभावी, तेज और समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 1 8 9 6
Total Users : 301896
Total views : 508952

शहर चुनें