इंस्पेक्टर से मांगा जवाब, तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू
“मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ, पत्रकारों के सम्मान से कोई समझौता नहीं” — पुलिस कमिश्नर
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 8 मई। पंचकूला में एक पत्रकार के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार के साथ हुए कथित अनैतिक व्यवहार और पुलिस कर्मियों के रवैये को गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने तुरंत संज्ञान लिया और सब इंस्पेक्टर सौरव रावत तथा एएसआई गुरमेज सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा संबंधित इंचार्ज इंस्पेक्टर निर्मल सिंह से जवाब तलब करते हुए तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का एक मजबूत और जिम्मेदार स्तंभ है, जिसकी कार्यप्रणाली का पुलिस विभाग पूर्ण सम्मान करता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूती से निभाते हैं, जिसकी पंचकूला पुलिस सराहना करती है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता या अनैतिक व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचकूला पुलिस पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करती रहेगी।














Total Users : 400071
Total views : 645601