June 5, 2026 5:32 am

June 5, 2026 5:32 am

HARYANA NEWS: पत्रकारों के हितों की मजबूत आवाज बना मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन:विपुल गोयल

पत्रकारों के इंश्योरेंस करवा मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन सराहनीय कार्य कर रही है:विपुल गोयल

पत्रकारों के कल्याण को सरकार गंभीरता से ले रही : विपुल गोयल

निःशुल्क बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं और AI प्रशिक्षण से पत्रकारों को नई दिशा देने में जुटा संगठन
सरकार अब तक 60 से अधिक घोषणाओं को लागू कर चुकी है, जबकि करीब 160 घोषणाओं पर कार्य चल रहा

सरकार पत्रकारों को पहले जहां सहायता राशि ढाई लाख रुपये थी, उसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया:प्रवीण अत्रे

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 मई। पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबीए) अब देशभर में पत्रकारों के लिए एक मजबूत मंच बनकर उभर रहा है। पंचकूला स्थित रेड बिशप में आयोजित संगठन के भव्य कार्यक्रम में उस समय उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में हरियाणा और चंडीगढ़ सहित चार राज्यों से करीब 200 पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार दीपक धीमान ने की। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी, महासचिव सुरेंद्र मेहता, कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा, पंचकूला अध्यक्ष ताराचंद ठाकुर, यमुनानगर जिलाध्यक्ष देवदास शारदा, प्रदेश प्रवक्ता पवन चोपड़ा, राजीव ऋषि सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार बलराम सैनी, मनबीर सैनी, कुमार रमेश और डॉ. थानेश्वर शर्मा ने भी अपने विचार रखते हुए पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की दिशा में संगठन के प्रयासों की सराहना की।

पत्रकारों के कल्याण को सरकार गंभीरता से ले रही : विपुल गोयल
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन पत्रकारों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने पत्रकारों के हित में जो अभियान शुरू किया है, वह वास्तव में प्रेरणादायी है और सरकार भी इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पत्रकारों के कल्याण को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, पेंशन व्यवस्था और अन्य योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में पत्रकारों की मांगों पर गंभीरता से कार्य किया गया और उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया गया। विपुल गोयल ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी घोषणाओं को लेकर बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक 60 से अधिक घोषणाओं को लागू कर चुकी है, जबकि करीब 160 घोषणाओं पर कार्य चल रहा है।हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने संगठन को 21 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की।

कोरोना काल में पत्रकारों की भूमिका को किया याद
कैबिनेट मंत्री ने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि जब पूरा देश घरों में बंद था, तब पत्रकार और जनप्रतिनिधि लगातार मैदान में डटे रहे। पत्रकारों ने दिन-रात मेहनत कर जनता तक सही जानकारी पहुंचाई और अफवाहों को फैलने से रोका।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कंधों पर समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है। पत्रकार ही जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकारों की मान्यता व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार एग्रेडेशन सिस्टम को खत्म करने की मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। हालांकि सरकार चाहती है कि पत्रकार एसोसिएशन इस विषय में सुझाव दें कि वर्तमान व्यवस्था समाप्त होने के बाद पत्रकारों की मान्यता का नया और पारदर्शी मॉडल कैसा हो.विपुल गोयल ने कहा कि पत्रकारों के इंश्योरेंस करवा मीडिया वेल बिंग एसोसिएशन सराहनीय कार्य कर रही है।

पत्रकारों की पेंशन आयु 60 वर्ष से घटाकर 58 वर्ष करने की मांग पर उन्होंने हंसी भरे अंदाज में कहा कि जिस प्रकार एक आईएएस अधिकारी की सेवा आयु 60 वर्ष है, उसी प्रकार पत्रकारों को भी उसी श्रेणी में देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। उनके इस बयान पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

चंद्रशेखर धरणी हमेशा पत्रकारों के हितों के लिए लड़ते हैं : प्रवीण अत्रे
मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे ने कहा कि चंद्रशेखर धरणी हर बार पत्रकारों के हितों को लेकर सरकार के सामने मजबूती से अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि धरणी कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगते, बल्कि हमेशा पत्रकारों की सुविधाओं के लिए संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। पहले जहां सहायता राशि ढाई लाख रुपये थी, उसे बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया। पत्रकारों की पेंशन में भी बढ़ोतरी की गई है और अब पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रवीण अत्रे ने कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है, लेकिन सोशल मीडिया के दौर में कुछ लोग पत्रकारिता के नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे मुख्यधारा की पत्रकारिता की साख प्रभावित हो रही है और इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

संगठन ने मंत्री को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने मुख्य अतिथि विपुल गोयल को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। वहीं महासचिव सुरेंद्र मेहता, संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा और प्रदेश प्रवक्ता पवन चोपड़ा ने मंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच से पत्रकारों के हितों से जुड़ा मांग पत्र भी मंत्री को सौंपा गया।

पत्रकारों के लिए सुरक्षा कवच बना एमडब्ल्यूबीए : धरणी
कार्यक्रम में संगठन की उपलब्धियों और गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा भी प्रस्तुत करते हुए अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया गया कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन देश की उन चुनिंदा संस्थाओं में शामिल है, जो पत्रकारों को निःशुल्क बीमा सुविधा उपलब्ध करवा रही हैं। संस्था पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये का टर्म इंश्योरेंस और दुर्घटना बीमा उपलब्ध करवा रही है। इसके अलावा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा लागू करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। विशेष बात यह रही कि संस्था इन योजनाओं के बदले पत्रकारों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेती। कार्यक्रम में बताया गया कि एक वरिष्ठ पत्रकार के निधन के बाद उनके परिवार को 10 लाख रुपये की बीमा सहायता दिलवाई गई, जबकि एक अन्य पत्रकार परिवार को 33 लाख रुपये तक का जोखिम कवर उपलब्ध करवाया गया।

वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान की नई परंपरा
एमडब्ल्यूबीए द्वारा वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करने की परंपरा को भी कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहा गया। संस्था प्रत्येक कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करती है। यह सम्मान कई वरिष्ठ नेताओं के हाथों दिलवाया जा चुका है। संस्था द्वारा सम्मान के साथ नगद राशि भी भेंट की जाती है, ताकि वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव और योगदान को वास्तविक सम्मान मिल सके।

कई राज्यों तक पहुंचा संगठन का विस्तार
हरियाणा से शुरू हुआ यह संगठन अब पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर तक अपना विस्तार कर चुका है। विभिन्न राज्यों में संगठन की इकाइयां गठित की जा चुकी हैं, जो स्थानीय स्तर पर पत्रकारों का पंजीकरण, बीमा योजनाओं और सहायता कार्यक्रमों का संचालन कर रही हैं। संस्था द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को विभिन्न पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाता है। इनमें पंजाब केसरी के संस्थापक अमर शहीद लाला जगत नारायण अवॉर्ड, पत्रकारिता रत्न अवॉर्ड और पत्रकारिता अलंकार अवॉर्ड प्रमुख हैं। वर्ष 2026 से संस्था ने दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में स्वर्गीय ज्ञानेंद्र भर्तिया अवॉर्ड, स्वर्गीय ज्योति संग अवॉर्ड और स्वर्गीय रमेश शर्मा अवॉर्ड शुरू करने की भी घोषणा की है।

AI प्रशिक्षण से पत्रकारों को मिलेगी नई दिशा
तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संगठन ने पत्रकारों के लिए विशेष AI प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जिसमें विनोद लाहोट और पवन चोपड़ा को शामिल किया गया है। यह समिति हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगी। संस्था अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य पत्रकारों को आधुनिक तकनीक और AI आधारित पत्रकारिता से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

सरकार के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगें
कार्यक्रम में संगठन द्वारा पत्रकारों के हितों से जुड़ा विस्तृत मांग पत्र भी सरकार को सौंपा गया। इसमें पत्रकारों के लिए न्यूनतम 30 हजार रुपये मासिक पेंशन, 15 वर्ष की सेवा के बाद पेंशन का अधिकार, पेंशन आयु सीमा 58 वर्ष करने, डिजिटल पत्रकारों को नीति में शामिल करने और पत्रकारों के लिए 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
इसके अलावा पत्रकारों के लिए पारिवारिक पेंशन व्यवस्था लागू करने, हरियाणा रोडवेज बसों में आरक्षित सीटें और निशुल्क यात्रा सुविधा देने, पंचकूला में संगठन के मुख्यालय के लिए भूमि उपलब्ध करवाने तथा पत्रकारों के बच्चों को शिक्षा और नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देने की मांग भी रखी गई।

पत्रकारों के लिए प्रेरणा बन रहा संगठन
कार्यक्रम के अंत में संगठन अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन आने वाले समय में पत्रकारों के हितों के लिए और व्यापक स्तर पर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों को सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य सुविधा और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और कैबिनेट मंत्री अनिल विज को संगठन की रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन आज देशभर में पत्रकारों के बीच भरोसे का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम में ललित शर्मा कैथल, संदीप वशिष्ठ यमुनानगर, गुरुदत्त पलवल आदि को सम्मानित किया गया।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 2 7 5
Total Users : 333275
Total views : 554044

शहर चुनें