शुरू हुआ एक माह का विशेष अभियान
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए शुरू की पहल, घर-घर जाकर होगा कुशलक्षेम
रमेश गोयत
पंचकूला/26 जून: वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देश पर जिले में अकेले रहने वाले बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की नियमित निगरानी करना, उन्हें आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना तथा साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से सुरक्षित रखना है।
अभियान के तहत पंचकूला पुलिस क्षेत्र में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों का सर्वे करेगी और उनका आवश्यक डाटा ऑनलाइन माध्यम से एकत्रित किया जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस तुरंत सहायता उपलब्ध करा सकेगी।
पुलिस टीमों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के घरों पर समय-समय पर जाकर उनका हालचाल जाना जाएगा, उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित थाना और बीट स्टाफ लगातार उनके संपर्क में रहेगा।
इसके अलावा बुजुर्गों के घरों में काम करने वाले घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, रसोइयों, माली, सफाई कर्मचारियों और अन्य स्टाफ का पुलिस सत्यापन भी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके।
पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अन्य आधुनिक अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्हें घर पर आने वाले अज्ञात लोगों और डिलीवरी कर्मियों के प्रति सतर्क रहने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को संबंधित थाना प्रभारी या चौकी प्रभारी के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9115777026 भी जारी किया गया है।
पंचकूला पुलिस अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा उपायों, सीसीटीवी कैमरे लगाने, साइबर सुरक्षा और अन्य जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक करेगी। अभियान के समापन पर विशेष सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई बुजुर्ग अकेले रहते हैं या उन्हें किसी सहायता की जरूरत है तो वे हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर संपर्क करें। पंचकूला पुलिस वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।













Total Users : 354040
Total views : 583359