रमेश गोयत
जींद (हरियाणा), 17 जुलाई। भारत ने स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को रवाना कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन प्रारंभिक तौर पर जींद–सोनीपत रेलखंड पर संचालित होगी और भारतीय रेलवे के ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन में मील का पत्थर मानी जा रही है।
हाइड्रोजन ट्रेन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जिसमें हाइड्रोजन गैस से बिजली तैयार होती है। इस प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन नहीं होता और केवल जलवाष्प (वॉटर वेपर) निकलती है। इससे डीजल आधारित ट्रेनों पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
भारतीय रेलवे के अनुसार, यह परियोजना देश में स्वदेशी हरित तकनीक को बढ़ावा देने और भविष्य में अन्य रेल मार्गों पर भी हाइड्रोजन ट्रेनों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जींद में इस परियोजना के लिए हाइड्रोजन उत्पादन एवं रिफ्यूलिंग की विशेष व्यवस्था भी विकसित की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। यह कदम रेलवे को अधिक टिकाऊ, ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












Total Users : 375285
Total views : 612116