July 22, 2026 5:56 pm

July 22, 2026 5:56 pm

CHANDIGARH: PM मोदी ने चंडीगढ़ को दी 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले- ‘चंडीगढ़ भारत के विकास मॉडल का प्रतीक’

स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मिली नई रफ्तार, PGI से लेकर ग्रीनफील्ड हाईवे तक कई परियोजनाओं का शुभारंभ

रमेश गोयत
चंडीगढ़,17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत के व्यवस्थित विकास, बेहतर जीवनशैली और ‘ईज ऑफ लिविंग’ का मॉडल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ को हाईटेक, आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार निवेश कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ का विकास केवल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित पूरे उत्तर भारत के करोड़ों लोगों को लाभ मिलता है।

चंडीगढ़ विकास, आधुनिकता और मां चंडी के आशीर्वाद का संगम’
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ की पहचान सुव्यवस्थित विकास, आधुनिक सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छ वातावरण के कारण पूरे देश में अलग है। उन्होंने याद दिलाया कि भारतीय न्याय संहिता लागू करने की शुरुआत भी चंडीगढ़ से हुई थी, जो न्याय आधारित नई कानूनी व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम था।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग और डिजिटल गवर्नेंस जैसी परियोजनाओं पर ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

PGI चंडीगढ़ बनेगा और अधिक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ पूरे उत्तर भारत के लिए चिकित्सा सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वे चंडीगढ़ में रहते थे, तब जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा से इलाज के लिए आने वाले लोगों से मिलने अक्सर PGI जाते थे।
उन्होंने कहा कि अब PGI में एडवांस न्यूरो साइंस सेंटर, एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक जैसी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे लाखों मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने PGI के डॉक्टरों, प्रोफेसरों और चिकित्सा कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में संस्थान की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

स्वच्छ भारत मिशन की सफलता का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वस्थ भारत की नींव स्वच्छता से शुरू होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, खुले में शौच से मुक्ति और सार्वजनिक स्थानों की सफाई को जनआंदोलन बनाया गया।
उन्होंने चंडीगढ़ के पूर्व IPS अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ‘ब्रूम वॉरियर’ के रूप में स्वच्छता अभियान को नई पहचान दी और इसी योगदान के लिए उन्हें इस वर्ष पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री ने “स्वच्छता से स्वागत” अभियान में भाग लेने वाले सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की भी प्रशंसा की।

भारत बना मेडिकल टूरिज्म का बड़ा केंद्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय दुनिया भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाती थी, लेकिन आज भारत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दुनिया का भरोसेमंद केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत सहायता मांगने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को दवाइयां और वैक्सीन पहुंचाने वाला देश बना।
12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि—
15 नए AIIMS को मंजूरी दी गई।
सैकड़ों नए मेडिकल कॉलेज स्थापित हुए।
कैंसर उपचार के लिए विशेष अस्पतालों का विस्तार हुआ।
चंडीगढ़ के होमी भाभा कैंसर अस्पताल में हजारों मरीजों का इलाज हो रहा है।
आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत देशभर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक और पब्लिक हेल्थ लैब विकसित की जा रही हैं।

देश में करीब 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से 48 करोड़ से अधिक टेलीमेडिसिन परामर्श दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अब भारत में 90 प्रतिशत से अधिक संस्थागत प्रसव हो रहे हैं तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है।

टीबी मुक्त भारत और निवारक स्वास्थ्य पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार केवल इलाज ही नहीं बल्कि बीमारी की रोकथाम पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि पोषण अभियान, मिशन इंद्रधनुष, योग, HPV वैक्सीनेशन, U-WIN प्लेटफॉर्म और टीबी मुक्त भारत अभियान जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि WHO की रिपोर्ट के अनुसार पिछले दस वर्षों में भारत में टीबी संक्रमण में उल्लेखनीय कमी आई है और उपचार कवरेज 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है।

PGI में MBBS कॉलेज को मिली मंजूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में मेडिकल शिक्षा का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि—
मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगभग दोगुनी हुई।
MBBS और पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई।
अब PGI चंडीगढ़ में MBBS कॉलेज को भी मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही यहां प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि इससे देश के प्रतिभाशाली युवाओं को देश के शीर्ष संस्थान में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा और रिसर्च को मिलेगी नई ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़ शिक्षा, इंजीनियरिंग, मेडिकल साइंस और रिसर्च का महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने जिन परियोजनाओं का उल्लेख किया उनमें शामिल हैं—
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में नए बॉयज हॉस्टल एवं मेस का उद्घाटन।
सेक्टर-46 सरकारी कॉलेज में नए हॉस्टल का निर्माण।
रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल की आधारशिला।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और डीप-टेक जैसे क्षेत्रों में चंडीगढ़ के संस्थान देश का नेतृत्व कर सकते हैं।

कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नई सड़क परियोजनाएं

प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर देश की आर्थिक प्रगति का आधार है।
उन्होंने बताया कि—
आईटी सिटी से कुराली तक छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन किया गया।
अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे से जुड़ने वाले PR-7 स्पर की आधारशिला रखी गई।
इन परियोजनाओं से मोहाली, खरड़ और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम कम होगा तथा उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पर भी जताई खुशी

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भारत के स्वच्छ ऊर्जा आधारित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की तकनीक, आधुनिक परिवहन और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के आधार पर ही विकसित भारत का निर्माण होगा।

विकसित भारत के निर्माण का दोहराया संकल्प

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे संस्थानों और परियोजनाओं का निर्माण कर रही है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित हों।
उन्होंने चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पूरे उत्तर भारत के लोगों को नई विकास परियोजनाओं की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में चंडीगढ़ की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने जा रही है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 7 5 2 8 5
Total Users : 375285
Total views : 612116

शहर चुनें