September 22, 2026 8:54 pm

September 22, 2026 8:54 pm

चंडीगढ़ की अंतिम मतदाता सूची जारी, 4.60 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत

एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या में 9,927 की शुद्ध वृद्धि, 15,117 नाम जोड़े गए और 5,190 नाम हटाए

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 की प्रक्रिया पूरी हो गई है। चंडीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित कर दी गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ सुश्री प्रेरणा पुरी, आईएएस ने बताया कि अंतिम मतदाता सूचियां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के कार्यालयों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास सत्यापन के लिए उपलब्ध हैं। मतदाता अंतिम सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं।
प्रारंभ में 5.16 लाख से अधिक मतदाता थे
विशेष गहन पुनरीक्षण की गणना प्रक्रिया शुरू होने से पहले 15 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ में कुल 5,16,427 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 2,63,724 पुरुष, 2,52,677 महिला और 26 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे।
सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र तैयार कर बीएलओ के माध्यम से वितरित किए गए। इनमें से 4,50,282 गणना प्रपत्र वापस प्राप्त हुए, जबकि 66,145 मतदाताओं के गणना प्रपत्र वापस नहीं मिले। ऐसे नामों को प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रखा गया।
गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं होने वाले 66,145 मतदाताओं में 12,567 अनुपस्थित, 43,725 स्थानांतरित, 3,535 मृत, 2,590 डुप्लीकेट और 3,728 अन्य श्रेणी में रखे गए।

प्रारूप सूची में 4,50,282 मतदाता
21 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 4,50,282 मतदाता शामिल थे। इनमें 2,29,555 पुरुष, 2,20,706 महिला और 21 तृतीय लिंग के मतदाता थे।
प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में से 3,80,821 मतदाता स्वयं अथवा पूर्वज के रूप में मैप किए गए, जबकि 69,461 मतदाता अनमैप्ड थे। मैप किए गए मतदाताओं में 1,67,406 सेल्फ-मैप्ड और 2,13,415 प्रोजेनी-मैप्ड मतदाता शामिल थे।

1.38 लाख मतदाताओं को नोटिस
21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक चले नोटिस चरण के दौरान कुल 1,38,000 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें 69,500 अनमैप्ड मतदाता और 68,700 तार्किक विसंगतियों वाले मतदाता शामिल थे।
संबंधित ईआरओ और एईआरओ द्वारा सुनवाई आयोजित की गई। मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों तथा बीएलओ द्वारा दिए गए शपथ-पत्र और अंडरटेकिंग का सत्यापन करने के बाद मामलों में निर्णय लिए गए।
प्रारूप सूची में शामिल 4,50,282 मतदाताओं में से 4,644 मतदाताओं के दस्तावेज अस्वीकार्य या असंतोषजनक पाए गए, अथवा वे सुनवाई के दौरान अनुपस्थित पाए गए। इनमें मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट पाए गए मामले भी शामिल थे। ऐसे मामलों में कारणयुक्त आदेश पारित करते हुए संबंधित मतदाताओं को अपात्र घोषित किया गया।

17,891 दावों और आपत्तियों का निस्तारण
21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि रखी गई थी। इस दौरान प्राप्त 17,891 दावों और आपत्तियों का निस्तारण अंतिम मतदाता सूची तैयार करने के लिए किया गया। इसके अलावा 21 जुलाई से पहले प्राप्त प्रपत्रों को भी अंतिम प्रकाशन के लिए संसाधित किया गया।
पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद 15,117 मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए गए, जबकि 5,190 नाम हटाए गए।

अंतिम सूची में 4,60,209 मतदाता
एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चंडीगढ़ की अंतिम मतदाता सूची में कुल 4,60,209 मतदाता हैं। प्रारूप सूची के मुकाबले यह 9,927 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि, यानी लगभग 2.20 प्रतिशत है।
अंतिम मतदाता सूची में:
पुरुष मतदाता: 2,34,516
महिला मतदाता: 2,25,671
तृतीय लिंग: 22
कुल मतदाता: 4,60,209
709 सेवा मतदाता भी सूची में
सेवा मतदाताओं से संबंधित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की अंतिम मतदाता सूची भी 22 सितंबर को प्रकाशित की गई। इसमें 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि माना गया है। अंतिम सूची में कुल 709 सेवा मतदाता पंजीकृत हैं।

राजनीतिक दलों को भी दी गई सूची
चंडीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूचियों की प्रतियां तथा बिना फोटो वाली अंतिम मतदाता सूचियों की सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करा दी गई है

नाम जुड़वाने और सुधार के लिए फॉर्म-6, 7 और 8
मतदाता सूची में भविष्य में भी विवरण अपडेट कराया जा सकता है। नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, विवरण में सुधार अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 निर्धारित ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है।
निर्वाचन संबंधी जानकारी अथवा किसी स्पष्टीकरण के लिए आम जनता टोल-फ्री मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकती है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की गई। प्रक्रिया के दौरान क्षेत्रीय सत्यापन, दावों एवं आपत्तियों की जांच, सुनवाई और मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, ताकि पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा सके और अपात्र प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 8 2 9 7
Total Users : 418297
Total views : 669941

शहर चुनें