October 12, 2026 10:27 am

October 12, 2026 10:27 am

चंडीगढ़ के आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान, प्रशासक कटारिया ने दिया आश्वासन

पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला सहित प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से की मुलाकात, बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ होगी बैठक

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के बिजली विभाग से सीपीडीएल  कंपनी में स्थानांतरित किए गए आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के हितों, आउटसोर्सिंग से जुड़ी समस्याओं और स्थानांतरण के बाद उनके सामने आ रही विभिन्न परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल में चंडीगढ़ियन ग्रुप के प्रतिनिधि राज चड्ढा और राहुल महाजन के अलावा यूनियन सदस्य वरिंदर और हरजिंदर सिंह भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करने और लंबित मुद्दों का जल्द समाधान करने की मांग की।
बैठक के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले बुधवार को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। इस बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के बाद पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला ने शहरहित और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के लिए चंडीगढ़ियन ग्रुप की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना जरूरी है, ताकि उनके हितों की रक्षा हो सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और उन्हें राहत मिलेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 0 5 3
Total Users : 429053
Total views : 684239

शहर चुनें