‘सबरंग’ विषय पर सजी साहित्यिक महफिल, रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से जीता सबका दिल; जन्मदिन और शादी की सालगिरह भी मनाई
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
पंचकूला, 26 नवंबर। सीनियर सिटीजन कौंसिल के अंतर्गत कला एवं साहित्य मंच की मासिक गोष्ठी उत्साह, उमंग और साहित्यिक रंगों के बीच आयोजित की गई। गोष्ठी का विषय ‘सबरंग’ रखा गया, जिसमें सदस्यों ने कविता, गीत, गजल, भजन, शायरी और बांसुरी वादन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में साहित्य, संगीत और आध्यात्मिक भावनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
मंच की सचिव आभा साहनी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए देव दीपावली और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन पावन अवसरों पर हमें अपने जीवन में आशा, विश्वास और सकारात्मकता के दीप जलाने चाहिए। मंच की अध्यक्ष डॉ. नीरू मित्तल और कार्यकारिणी सदस्यों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद जसपाल सोढा ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डॉ. नीरू मित्तल और सुनील मिनोचा ने प्रभावशाली ढंग से मंच संचालन किया। साहित्यिक प्रस्तुतियों की शुरुआत शशि चड्ढा के भजन ‘इंसान जानकर भी इतना समझ न पाया’ से हुई, जिसने श्रोताओं को भावुक कर दिया। सुनील मिनोचा की प्रेस दिवस पर आधारित रचना ‘प्रेस बना लोकतंत्र का चौथा स्तंभ’ को खूब सराहना मिली। डॉ. नीरू मित्तल की कविता ‘मैं आईना हूं, हंसता हूं तेरी खुशी देखकर’ और आभा साहनी के भजन ‘अपनी शरण में ले लो वृंदावन बिहारी’ ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया।
गोष्ठी में किरण आहूजा की रचना ‘फिर से बच्चा बन जाएं’, आर.सी. शर्मा की ‘वह जिंदगी जिंदगी नहीं’, बृज भूषण की ‘मैं फिर से बुद्ध बनने निकली’, कपिल गोयल की ‘संयुक्त परिवार के फायदे’ और चरणजीत की ‘खुश रहें, खूब मस्ती करें’ को भी खूब पसंद किया गया।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की आध्यात्मिक छटा भी प्रस्तुतियों में दिखाई दी। जसविंदर कौर ने ‘उच्चा घर बाबे नानक दा’, सरोज चोपड़ा ने ‘मैं प्यार गुरां दे नाल पालेया’ और राज ढींगरा ने ‘गुरू जी मैनूं न विसरो’ शब्द प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। एन.के. शर्मा की अरदास ‘गुरु नानक सच्चे पातशाह’ ने भी सभी को भावविभोर किया।
जसपाल सोढा ने वारिस शाह की शायरी सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी, जबकि रुद्र दत्त ऋषि के बांसुरी वादन ने कार्यक्रम में संगीत के रंग भर दिए। रविंद्र मित्तल की रचना ‘सुनो बहुत दूर न चले जाना’ और बी.एम. अग्रवाल की अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर आधारित रचना को भी सराहना मिली।
कामनी गोयल की गजल ‘बेमुरव्वत बेवफा’ और रेणु अब्बी की रचना ‘गुलाब की मुस्कान’ ने श्रोताओं को प्रभावित किया। सुशील चोपड़ा, राजन और प्रेम ढींगरा के गीतों पर खूब तालियां बजीं। एच.सी. गेरा ने रामधारी सिंह दिनकर के ‘कालिया दमन प्रसंग’ पर आधारित कविता सुनाई, जबकि कमलेश गेरा की रचना ‘खुद से मुलाकात’ ने उपस्थित सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर शमा अग्रवाल भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जसपाल सोढा का जन्मदिन और एन.के. शर्मा की शादी की सालगिरह केक काटकर मनाई गई। सदस्यों ने दोनों को शुभकामनाएं दीं। अंत में कार्यकारिणी सदस्य शशि चड्ढा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर गोष्ठी साहित्य, संगीत, भक्ति और आपसी सौहार्द का यादगार आयोजन रही, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक सक्रियता की खूबसूरत झलक देखने को मिली।













Total Users : 462404
Total views : 730609