संजय दत्त बोले– लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और मताधिकार को खतरे में डाल रही भाजपा; हुड्डा ने कहा– संविधान पर हमला नागरिकों के अधिकारों पर सीधा प्रहार
दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने और मतदाता सूचियों से हटाए गए नाम बहाल करने तक संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
पंचकूला, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पंचकूला में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महाराणा प्रताप भवन से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक निकाले गए इस मार्च के जरिए कांग्रेस ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का संकल्प दोहराया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होने के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार को निशाने पर लिया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया।
मार्च में सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और संविधान के मूल्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की शपथ ली गई।
भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि देश ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां संविधान और लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य और नागरिकों के अधिकारों का सवाल बन चुकी है। पंचकूला में उमड़ा जनसमूह भाजपा सरकार के खिलाफ बढ़ते असंतोष और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक मर्यादाओं, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के मताधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। मतदाता सूचियों की निष्पक्षता और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर उठ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं।
संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं, किसी सत्ता प्रतिष्ठान की मनमर्जी से नहीं। वोट जनता की ताकत है, किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं। यदि मताधिकार पर हमला होगा तो कांग्रेस सड़क से संसद तक इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को केवल पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें शासन और व्यवस्था में लागू करना भी जरूरी है। कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर तक संघर्ष करेंगे।
हरियाणा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष में मजबूती से खड़ा : राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान, समानता और न्याय की गारंटी है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, समान अवसर, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित भारत की कल्पना की थी। इन मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उसके रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता में भारी नाराजगी है। हरियाणा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ मैदान में डटा है। यह अभियान केवल एक दिन या मार्च तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे प्रदेश के गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाया जाएगा।
संविधान पर हमला देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला : हुड्डा
कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संविधान पर किसी भी प्रकार का हमला देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों पर सीधा हमला है। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपने मताधिकार के माध्यम से सरकार चुनने की शक्ति देता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सर्वोपरि है। मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। यदि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं तो यह पूरे देश के लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। कांग्रेस संविधान, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी तक जारी रहेगा संघर्ष : दीपेंद्र
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली से परेशान है। हरियाणा विधानसभा चुनाव सहित देशभर में मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का जवाब देना सरकार और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट की ताकत को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। दीपेंद्र हुड्डा ने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त नहीं किया जाता और मतदाता सूचियों से कथित तौर पर अवैध रूप से हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल नहीं किए जाते, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसके मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।
दिग्गज नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर, उदयभान, सांसद जयप्रकाश, कर्मवीर बोध, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, सुरेंद्र बरवाला, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदीप नरवाल, मनोज बागड़ी, कर्नल रोहित चौधरी, राजेश नीलोटिया, विधायक चंद्रमोहन, परमवीर सिंह, अकरम खान, भरत सिंह बेनीवाल, राजबीर फार्टिया, नरवीर सिंह और रणधीर कादयान शामिल रहे।
इसके अलावा पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, लहरी सिंह, शमशेर सिंह गोगी, शिव शंकर भारद्वाज, जयवीर वाल्मीकि, सोमवीर श्योराण, मेवा सिंह और शाहिदा खान भी मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी, सेवादल अध्यक्ष पूनम चौहान, महिला सेवादल अध्यक्ष सुनीता शर्मा, निशित कटारिया, सोमिल संधू, फोम लाल, अमित यादव, लाल बहादुर खोवाल, नरेश मलिक, सुरेश रोड, विनोद कौशिक, संजीव भारद्वाज, दीपक लांबा और सुधा भारद्वाज सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी मार्च में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा के संकल्प को दोहराने का दिन है। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।













Total Users : 462431
Total views : 730658