जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान 12 तोड़फोड़ अभियान चलाए गए, दो नई अनाधिकृत कॉलोनियों की पहचान
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 14 अक्तूबर: उपायुक्त कसतपाल शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाएं और यह सुनिश्चित करें कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा न हों। उन्होंने ये निर्देश आज यहां लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों पर अंकुश लगाने के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने जिला नगर योजनाकार द्वारा जुलाई 2026 से सितंबर 2026 तक अवैध निर्माणों और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में यदि कोई भी व्यक्ति अवैध निर्माण करता या अनाधिकृत कॉलोनी विकसित करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नियंत्रित क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश
बैठक में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका द्वारा पेरिफेरी नियंत्रण अधिनियम तथा पंजाब अनुसूचित सड़कें एवं नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम, 1963 के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने विशेष रूप से नियंत्रित क्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्गों और निर्धारित 30 मीटर प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में अनुसूचित सड़कों तथा प्रतिबंधित दायरे में हुए अतिक्रमणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने और आगामी बैठक से पहले रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
तोड़फोड़ अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिला नगर योजनाकार कार्यालय द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार चलाए जाने वाले तोड़फोड़ अभियानों के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।
तीन माह में 12 तोड़फोड़ अभियान, दो नई अनाधिकृत कॉलोनियों की पहचान
जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने बैठक में बताया कि जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान विभिन्न राजस्व संपदाओं में अनाधिकृत निर्माणों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ तोड़फोड़ के लिए 12 अभियान चलाए गए।
उन्होंने बताया कि बरवाला, लहरोंडी, कोना, चरनिया, बतौड़, बहला, भगवानपुर, गोलपुरा, टपरिया, गोरखनाथ, खोखरा और बासघाटी की राजस्व संपदाओं में अवैध कॉलोनियों के सड़क नेटवर्क और डीपीसी को ध्वस्त किया गया।
इसके अतिरिक्त, पंचकूला के शहरी क्षेत्र में दो नई अनाधिकृत कॉलोनियों की पहचान की गई है। इनके विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। इसी अवधि के दौरान तीन मामलों में एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस विभाग को शिकायतें भी दी गई हैं।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, एसडीएम कालका संयम गर्ग, डीएफओ विशाल कौशिक, तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, तहसीलदार कालका निखिल सिंगला, नायब तहसीलदार पंचकूला हरदेव सिंह, नायब तहसीलदार मोरनी प्रघुमन, जिला नगर योजनाकार कार्यालय से एटीपी मुकेश कुमार और डिंपी राठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













Total Users : 429939
Total views : 685486