October 28, 2026 8:14 am

October 28, 2026 8:14 am

बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर पढ़े हरियाणा की खबरें;

स्वीडिश सिख समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया हाउस में हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी से की भेंट

मुख्यमंत्री के स्वीडन आगमन पर किया गया भव्य स्वागत, निवेश, रोजगार और युवा सशक्तिकरण पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़,16 अक्टूबर-स्वीडन में बसे सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया हाउस में हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री के स्वीडन आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत किया।इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मुख्यमंत्री से मिलकर बेहद खुश नजर आए। दोनों पक्षों के बीच कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा में हरियाणा में निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब के युवाओं को सशक्त बनाने पर विशेष फोकस रहा।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पंजाब के युवाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की। प्रतिनिधियों ने जोर देते हुए कहा कि पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विकास और रोजगार की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री का स्वीडन आना तथा निवेश और रोजगार के क्षेत्र में कार्य करना देश और समाज के लिए एक सकारात्मक पहल है। यह प्रयास न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए लाभकारी साबित होगा।मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। दोनों पक्षों ने भविष्य में सहयोग बढ़ाने और आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वीडन दौरे में 4000 करोड़ रुपये के एलओआई साइन

गुरुग्राम-स्टॉकहोम सिटी-टू-सिटी सहयोग; सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में 3000 करोड़ का एलओआई

हरियाणा में निवेश के साथ साथ युवाओं को रोजगार भी प्रदान करेंगी स्वीडिश कंपनियाँ

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वीडन के ऐतिहासिक दौरे के दौरान राज्य सरकार और स्वीडिश कंपनियों के बीच कुल 4000 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर हुए। इस महत्वपूर्ण यात्रा ने हरियाणा और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, आर्थिक सहयोग तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले हैं। इस मौके पर शहरी स्थानीय निकाय  मंत्री विपुल गोयल भी साथ में उपस्थित रहे ।

दौरे के दौरान गुरुग्राम और स्टॉकहोम शहरों के बीच सिटी-टू-सिटी कोलैबोरेशन समझौता हुआ। दोनों शहर तकनीकी नवाचार, स्मार्ट सिटी समाधान, सतत शहरी विकास, ज्ञान-आदान-प्रदान और निवेश प्रोत्साहन के क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे। यह सहयोग दोनों शहरों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करेगा।

सशक्त भारत-आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप हरियाणा सरकार ने 3000 करोड़ रुपये का बड़ा एलओआई साइन किया। इसके अतिरिक्त रिटेल सेक्टर और वेयरहाउसिंग सेक्टर में 1000 करोड़ रुपये के एलओआई पर भी सहमति बनी। इन समझौतों से राज्य में आधुनिक वेयरहाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, रिटेल श्रृंखलाओं का विस्तार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में नए निवेश आने की उम्मीद है।

हरियाणा और स्वीडन के बीच व्यापार बढ़ाने तथा आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण समझौता हुआ। स्वीडिश कंपनियों ने हरियाणा के स्किल्ड युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इससे राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के नए रास्ते मिलेंगे।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह दौरा हरियाणा को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वीडन की उन्नत तकनीक, नवाचार और सतत विकास मॉडल को हरियाणा की गतिशील अर्थव्यवस्था तथा युवा शक्ति के साथ जोड़कर राज्य को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

यह समझौते हरियाणा में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास, निर्यात वृद्धि और शहरी आधुनिकीकरण को नई गति प्रदान करेंगे। राज्य सरकार इन निवेशों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन में एरिक्सन और Truecaller हेडक्वॉर्टर का किया दौरा

संचार की नवीनतम तकनीकों, आपातकालीन रोबोटिक्स एवं स्पैम कॉल नियंत्रण तंत्र का किया गहन अध्ययन

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 16 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने स्वीडन के स्टॉकहोम स्थित विश्व प्रसिद्ध दूरसंचार कंपनी एरिक्सन (Ericsson) और कॉल आइडेंटिफिकेशन कंपनी ट्रूकॉलर (Truecaller) के हेडक्वॉर्टर का दौरा किया। इस महत्वपूर्ण भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी उनके साथ मौजूद रहे।

एरिक्सन हेडक्वॉर्टर में मुख्यमंत्री ने संचार क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों की विस्तृत जानकारी ली। विशेष रूप से दुर्लभ एवं दुर्गम स्थानों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए विकसित की जा रही रोबोटिक्स तकनीक की कार्यप्रणाली का उन्होंने प्रत्यक्ष अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इन उन्नत तकनीकों को हरियाणा की संचार व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन प्रणाली में अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने Truecaller के हेडक्वॉर्टर का दौरा किया, जहां कंपनी के सह-संस्थापक  एलन मामेदी (Alan Mamedi) के साथ विस्तृत बैठक हुई। बैठक में Truecaller की कार्यप्रणाली, स्पैम कॉल डिटेक्शन तंत्र तथा धोखाधड़ी वाली कॉलों (Fraud Calls) एवं थर्ड पार्टी कॉल्स से सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी ली गई।

मुख्यमंत्री को बताया गया कि वर्ष 2025 में भारत में लगभग 770 करोड़ स्पैम कॉल्स का पता लगाया गया है। इस दौरान फ्रॉड कॉल्स और थर्ड पार्टी कॉल्स से संबंधित चुनौतियों तथा उनके समाधान के उपायों पर गहन चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को स्पैम तथा फ्रॉड कॉल्स से बचाने के लिए ट्रूकॉलर जैसी तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने एनवैक (Envac) वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी का भी अवलोकन किया और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने इस तकनीक को हरियाणा के शहरों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने इन दौरे को हरियाणा की डिजिटल और तकनीकी प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर की उन्नत तकनीकों को राज्य में लागू कर संचार व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, कुशल एवं आधुनिक बनाया जाएगा। स्पैम एवं फ्रॉड कॉल्स की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा आपदा प्रबंधन में रोबोटिक्स तकनीक का उपयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हैं सरकार की प्राथमिकताः- मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी

सिरतार के नवीनीकृत बहुउद्देशीय हॉल का हुआ उद्घाटन

चण्डीगढ, 16 अक्टूबर- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चे समाज और प्रदेश की अमूल्य संपत्ति हैं। उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। सरकार का उद्देश्य केवल दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उनकी क्षमताओं को विकसित कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने के योग्य बनाना भी है।

मंत्री शुक्रवार को रोहतक स्थित राज्य पुनर्वास प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (सिरतार) के नवीनीकृत बहुउद्देशीय हॉल के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कहा कि सिरतार संस्थान लंबे समय से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं दिव्यांगजनों के प्रशिक्षण, पुनर्वास और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान द्वारा संचालित डी.एड. स्पेशल एजुकेशन (आई.डी.डी.), बी.एड. स्पेशल एजुकेशन (आई.डी.), एम.एड. स्पेशल एजुकेशन (आई.डी.), पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी तथा सर्टिफिकेट प्रोग्राम इन कम्युनिटी बेस्ड इनक्लूसिव डेवलपमेंट जैसे पाठ्यक्रम विशेष शिक्षा एवं पुनर्वास के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पूरी होने के बाद उनके भविष्य, रोजगार और जीवन यापन की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बच्चों को भविष्य में भी उचित देखभाल, सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर जीवन के अवसर मिलें। इस दिशा में सरकार और संस्थान मिलकर प्रभावी योजना तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी नही होनी चाहिए।

उन्होंने संस्थान में रह रहे बच्चों के भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक देखभाल की व्यवस्था की भी समीक्षा करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा प्रताड़ना की आशंका को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे संवेदनशीलता, समर्पण और मानवीय दृष्टिकोण के साथ बच्चों की देखभाल करें। उन्होंने कहा कि संस्थान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का समाधान करना विभाग की जिम्मेदारी है और संबंधित विषयों को लिखित रूप में विभाग के संज्ञान में लाया जाना चाहिए।

मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी ने त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बच्चों को सर्दियों के लिए आवश्यक वस्त्र भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को सम्मान एवं अपनत्व के साथ सामग्री वितरित की जाए। साथ ही संस्थान में दिनभर सेवाएं देने वाले चतुर्थ श्रेणी एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए दीपावली से पहले उनके लिए भी उचित प्रोत्साहन एवं सहयोग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की देखभाल और उनके विकास के लिए सामान्य व्यवस्थाओं से आगे बढ़कर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। संस्थान की छोटी से छोटी समस्या पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित, सकारात्मक और प्रोत्साहन पूर्ण वातावरण मिल सके।

विशेष शिक्षकों की कमी दूर करने में सिरतार की अहम भूमिका- डॉ. जी. अनुपमा

इस मौके पर सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा ने कहा कि सिरतार प्रदेश का एक महत्वपूर्ण विशिष्ट संस्थान है, जिसका उद्देश्य विशेष शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है। ऐसे में सिरतार की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने कहा कि अनेक विशेष आवश्यकता वाले बच्चे उचित सहयोग, मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण मिलने पर सामान्य विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं तथा समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर आत्मविश्वास के साथ जीवन यापन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि संस्थान के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना और सेवा भाव से कार्य करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर सेवा विभाग के निदेशक मुकुल कुमार, संस्थान के प्राचार्य ए डी पासवान, रोहतक के उपायुक्त सतबीर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार  सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उपलब्धियों से भरे रहे हरियाणा सरकार के दो वर्ष, विकास के मामले में कांग्रेस की कल्पना से भी आगे बढ़ा प्रदेश : डॉ. अरविंद शर्मा

वर्तमान सरकार का 17 अक्तूबर को 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे कैबिनेट मंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दी बधाई, कहा—‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ नौकरियों से युवाओं का जीता भरोसा, पारदर्शिता बनी सुशासन की पहचान

गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाना मेरा संकल्प, विकास कार्यों में नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी

भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान—सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

चंडीगढ़, 16 अक्तूबर। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल को उपलब्धियों, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित बताते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था, समान विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य किए गए हैं, जिनकी कल्पना कांग्रेस अपने शासनकाल में भी नहीं कर सकी।

भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के सिद्धांत पर युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर योग्यता और मेहनत का सम्मान सुनिश्चित किया है। इससे युवाओं का व्यवस्था में विश्वास मजबूत हुआ है और सरकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। विकास कार्यों में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ आम नागरिक तक पहुंचाना है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास रैलियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जा रहा है और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाने की पहल ने समाज को उनकी शिक्षाओं और योगदान से जोड़ने का काम किया है। संत-महात्माओं ने समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाना संकल्प

गोहाना के विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसका ऋण विकास कार्यों के माध्यम से चुकाना उनका दायित्व है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा और इसके लिए विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गोहाना क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जा रहा है। सरकार के सहयोग से विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे। गोहाना के किसी भी गांव या वार्ड को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनकर काम करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ सही समय पर सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र परिवारों को उनका लाभ प्राप्त करने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार सेवा, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार का लक्ष्य समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बल पर हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
सीएम विण्डो तथा जनसंवाद समस्याओं का तत्काल निपटारा करें सुनिष्चित- भोपाल सिंह खदरी

भोपाल सिंह ने पांच विभागों की समस्याओं की समीक्षा की

हरे पेड़ कटाई पर वन दरोगा एवं उपवन रजिक अधिकारी को किया निलम्बित

चण्डीगढ,  16 अक्टूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी ने वन विभाग एवं पशुपालन विभाग की सीएम विण्डो तथा जनसंवाद पर आई समस्याओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर निपटान सुनिष्चित करने के निर्देश दिए। निपटान के बाद एटीआर ऑनलाईन पोर्टल पर अपलोड करें ताकि समस्या का निराकरण हो सके।

बैठक में पंचकूला के गांव अब्दूला में नाले को बदलने तथा वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने बारे आई शिकायत पर अधिकारियों ने अवगत करवाया कि तहसीलदार कालका की पैमाईश रिपोर्ट आने के बाद भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त करवाया जाएगा।

मंदिर की आड़ में किये अवैध कब्जे को लेकर तत्काल करें कार्रवाई

पंचकूला सेक्टर 23 में महेन्द्र कुमार द्वारा वन विभाग की दो एकड़ भूमि पर मंदिर की आड़ में मकान, होस्टल, पौध नर्सरी आदि बनाकर अवैध कब्जा किया हुआ है और आसपास 500 से अधिक हरे पेड़ों की कटाई के साथ पहाड़ी को काटकर पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह भूमि ज्यूलोजिकल सर्वे एवं वाईल्ड लाईफ द्वारा सुरक्षित घोषित किया हुआ है। विशेष अधिकारी ने इस भूमि को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में महेन्द्रगढ के गांव में पंचायत की 250-300 हरे पेड़ काटने की शिकायत पर वन विभाग के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि वन दरोगा एवं उपवन रजिक अधिकारी को निलम्बित कर दिया गया है। इसके अलावा रसूलपुर गांव के जंगल में लोगों द्वारा नाजायज कब्जा किए जाने पर वन विभाग की खाली जमीन पर पक्का रास्ता बनाने का अनुरोध किया गया। इस शिकायत पर अध्यक्ष महोदय ने अधिकारियों को तालमेल कर सकारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

समस्याओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

विशेष अधिकारी ने खरखौदा में पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं की बीमा राशि उपलब्ध करवाने तथा कई गांवों में मुर्गा फार्म की वजह से बदबू एवं प्रदूषण फैलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विषेष सचिव ने वन विभाग की 202 सीएम विण्डों एवं 54 जनसंवाद तथा पशुपालन विभाग की 90 सीएम विण्डों तथा 113 जनसंवाद समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सीएम विडों पर आई 292 समस्याओं तथा जनसंवाद की 176 समस्याओं सहित कुल 359 समस्याओं को लेकर अधिकारियों को आवष्यक निर्देश दिए।

हर दो जिलों पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त

विषेष अधिकारी  खदरी ने विकास एवं पंचायत विभाग की समस्याओं की समीक्षा करते हुए गांवों के अवैध कब्जे हटवाने, सरंपचों के खिलाफ रिकवरी,, निशानदेही करवाने तथा जीवीरामजी योजना के तहत कार्यो को लेकर आने वाली समस्याओं पर कार्यवाई करने के निर्देश दिए। विभाग के अधिकारियों ने अवगत करवाया कि समस्याओं का निवारण करने के लिए हर दो जिलों पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है तथा उनके माध्यम से त्वरित गति से समस्याओं का निपटान किया जा रहा है।

इसके अलावा विभाग द्वारा पलवल में दो ग्राम सचिवों की सेवाएं समाप्त करने तथा खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई। विशेष अधिकारी ने विकास एंव पंचायत के अधीन आने वाले जिला परिषद, ग्रामीण विकास, एचआरडीएफ,, लेखा अधिकारी, शिकायत शाखा आदि की 3110 जनसंवाद एवं 2583 सीएम विण्डो समस्याओं की समीक्षा की। इस प्रकार अब तक लगभग 7228 समस्याओं को लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक जल्द ही आयोजित की जाएगी उसमें सभी विभागाध्यक्ष  जनसंवाद  एवं जनससमयाओं को लेकर कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निपटान सुनिष्चित करें और उनकी स्टेटस रिपोर्ट भी बैठक में अवष्य साथ लाएं।

उन्होंने कहा कि करनाल जिले के उंचा समाना गांव में गरीब परिवारों को दिए गए 100-100 वर्ग गज के प्लाटों का कब्जा दिलवाने को लेकर आवष्यक कार्रवाई बारे जल्द अवगत करवाया जाए। इसके अलावा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की समस्याओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न संस्थानों में पढने वाले विद्यार्थियों को दी जाने वाली हर प्रकार छात्रवृति समय पर जारी करने के निर्देश दिए।

विशेष अधिकारी खदरी ने कहा कि सीएम विण्डों एवं जनसंवाद में अधिक दिनों तक समस्याएं लम्बित नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी इन समस्याओं का स्वंय अवलोकन करते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 3 9 9 0 0
Total Users : 439900
Total views : 699147

शहर चुनें