शिकायतकर्ता की जमीन का विरासत इंतकाल दर्ज करने के बदले मांगी थी रिश्वत, एसीबी झज्जर की टीम ने बिछाया जाल
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़/झज्जर, 28 अक्टूबर 2026। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झज्जर जिले के सलोढ़ा क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुमित को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता की जमीन के विरासत का इंतकाल दर्ज कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि हलका पटवारी सुमित उसकी जमीन के विरासत का इंतकाल दर्ज कराने के बदले 5,000 रुपये की अवैध रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और आरोपी को झज्जर स्थित पटवारखाने में रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी यूनिट झज्जर द्वारा की गई कार्रवाई,भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित, हलका पटवारी, सलोढ़ा, जिला झज्जर, के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 38 वर्ष है और वह सरकारी कर्मचारी (ग्रुप-C) है। वह मूल रूप से जिला सोनीपत का निवासी है तथा वर्तमान में रोहतक की राम गोपाल कॉलोनी में रह रहा है। यह ट्रैप एसीबी यूनिट झज्जर की टीम ने बिछाया। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी व छाया गवाह भी शामिल हुए। इस मामले में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 34, दिनांक 28 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत दर्ज की गई है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार की सूचना एसीबी को दें
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) सरकारी तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। एसीबी आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए भ्रष्टाचार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।












Total Users : 440699
Total views : 700223