दुकानों के प्लॉट की लीज से संबंधित रसीदें जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत, निजी व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में
गोहाना-खरखौदा रोड पर एसीबी ने बिछाया ट्रैप, 3 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़/रोहतक, 28 अक्टूबर 2026। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा वक्फ बोर्ड, सोनीपत में तैनात एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम और रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले में एक निजी व्यक्ति सलीम की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
लीज से संबंधित रसीदें जारी करने के बदले मांगी गई थी रकम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता तथा उसके तीन सहयोगियों ने पिछले वर्ष गोहाना में दुकानों के प्लॉट की लीज के लिए हरियाणा वक्फ बोर्ड में आवेदन किया था। शिकायत के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता से अलग-अलग समय पर लगभग 3 लाख रुपये की राशि ली गई थी, लेकिन उन्हें इन भुगतानों की रसीदें जारी नहीं की गईं। करीब एक माह पहले निजी व्यक्ति सलीम ने शिकायतकर्ता को बताया कि उनकी और उनके सहयोगियों की फाइलों पर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद उन्हें 3 लाख रुपये लेकर वक्फ बोर्ड कार्यालय, सोनीपत आने के लिए कहा गया, जहां रसीदें जारी करने और लीज समझौते से संबंधित शपथपत्र लेने की बात कही गई। आरोप है कि जब शिकायतकर्ता ने रसीदों में दर्ज की जाने वाली राशि के बारे में पूछा, तो उसे स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस पूरे मामले में सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्ति की मिलीभगत से कथित तौर पर अनुचित तरीके से धन लेने का प्रयास किया जा रहा था।
एसीबी ने जाल बिछाकर 3 लाख रुपये की रिश्वत राशि सहित दो आरोपियों को पकड़ा
शिकायत के आधार पर एसीबी ने कार्रवाई करते हुए गोहाना-खरखौदा रोड पर श्री श्याम स्वीट्स के नजदीक ट्रैप लगाया। इस दौरान वक्फ बोर्ड, सोनीपत में तैनात एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम और रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर को 3 लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई। यह ट्रैप एसीबी यूनिट जींद द्वारा लगाया गया। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में शशांक, एक्सईएन, हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (HSRDC), जींद मौजूद रहे।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक निजी व्यक्ति फरार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सलीम, एस्टेट ऑफिसर, वक्फ बोर्ड कार्यालय, सोनीपत, निवासी सिविल लाइन कॉलोनी, थाना रोड, नूंह तथा मोहम्मद ताहिर, रेंट क्लर्क, वक्फ बोर्ड कार्यालय, सोनीपत, निवासी तहसील कार्यालय के नजदीक, पटौदी, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। मामले में तीसरे आरोपी सलीम, जो निजी व्यक्ति बताया गया है और वक्फ बोर्ड में बिना नियुक्ति के चपरासी के रूप में कार्य कर रहा था, की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वह फिलहाल फरार है। इस संबंध में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 35, दिनांक 28 अक्टूबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्दशानुसार हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सरकारी तंत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ब्यूरो भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रहा है और भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। एसीबी आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 या व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर दर्ज कराएं, ताकि शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।












Total Users : 440656
Total views : 700163