October 31, 2026 3:12 pm

October 31, 2026 3:12 pm

लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

पुलिस महानिदेशक ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने के साथ ही पुलिसकर्मियों को कर्त्तव्य पथ पर ईमानदारी से बढ़ने का दिलाया संकल्प

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर। हरियाणा पुलिस द्वारा लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पुलिस मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल ने पुलिस मुख्यालय में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के उल्लेखनीय योगदान को याद किया। इस मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के चलते इस दिशा में हमारा उत्तरदायित्व और अधिक बढ़ जाता है। हमारा पहला कर्तव्य है देश की एकता व अखंडता बनाए रखने के साथ-साथ सेवा व सुरक्षा के भाव के साथ समर्पित होकर अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पुलिसकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी सत्यनिष्ठा व समर्पण भाव से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और पूर्ण सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि एक अनुशासित, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही सुरक्षित समाज तथा सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने और हर परिस्थिति में जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर डीआईजी कानून एवं व्यवस्था अभिषेक जोरवाल, एआईजी प्रोविजनिंग हिमांशु गर्ग , एआईजी एडमिन शशांक सावन, डीएसपी ममता सौदा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 4 2 4 3 2
Total Users : 442432
Total views : 702465

शहर चुनें