October 12, 2026 1:18 pm

October 12, 2026 1:18 pm

हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, कई जिलों में शीत लहर का अलर्ट

चंडीगढ़: हरियाणा में प्रचंड ठंड और घने कोहरे का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। सोमवार सुबह से ही कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, महेंद्रगढ़, हिसार सहित अन्य जिलों में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर देखने को मिला।

नारनौल रहा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को नारनौल प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सोनीपत समेत कुछ जिलों में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।

मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे प्रदेश में दिन और रात दोनों समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हरियाणा के सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का ‘ट्रिपल अटैक’ महसूस किया जा रहा है।

चंडीगढ़ में भी ठंड का प्रकोप जारी
चंडीगढ़ में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में शीतलहर और घनी धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई। सुबह 7:15 बजे तक भी घना अंधेरा छाया रहा। रविवार को हल्की धूप खिली, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण ठंड में कोई खास राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग की चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे के कारण हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि फॉग के दौरान वाहन चलाने से बचें या फिर धीमी गति और पूरी सावधानी के साथ ड्राइव करें। हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन का ध्यान रखें ताकि जहरीली गैस से बचा जा सके। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े पहनें और गर्म व तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 1
Total Users : 429161
Total views : 684374

शहर चुनें