पंचकूला के शिवालिक कंटी क्लब में हुआ विवाह समारोह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और डीजीपी डॉ. अजय सिंघल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने नवदंपती को दिया आशीर्वाद
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला/चरखी दादरी, 15 नवंबर।
हरियाणा प्रशासनिक और पुलिस सेवा के दो युवा अधिकारी रविवार को विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) आईएएस विवेक आर्य और डीसीपी आईपीएस अदिति सिंह ने शिवालिक कंटी क्लब में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और आर्य समाज की परंपराओं के अनुसार सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना। इस विवाह समारोह में परिवार के सदस्यों के अलावा प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।
विवाह समारोह के दौरान फूलों से सजे मंच पर क्रीम रंग की शेरवानी पहने विवेक आर्य और लाल रंग के पारंपरिक परिधान में सजी अदिति सिंह ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान परिजनों और अतिथियों ने पुष्पवर्षा कर नवदंपती का स्वागत किया। वरमाला की रस्म पूरी होते ही विवेक आर्य ने अदिति सिंह का हाथ ऊपर उठाकर खुशी का इजहार किया। नवदंपती के इस खास अंदाज ने समारोह में मौजूद मेहमानों का ध्यान आकर्षित किया। वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर दोनों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा मंत्री और डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डॉ. अजय सिंघल विशेष रूप से शामिल हुए। इनके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस और एचसीएस अधिकारियों ने भी नवदंपती को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
बाढड़ा से पंचकूला तक शादी की रही धूम
मूल रूप से चरखी दादरी जिले के गांव गोपी के रहने वाले और वर्तमान में बाढड़ा निवासी विवेक आर्य का विवाह उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली अदिति सिंह के साथ संपन्न हुआ। विवाह से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर बाढड़ा से लेकर पंचकूला तक उत्साह का माहौल रहा। इससे पहले 12 नवंबर को बाढड़ा में प्रतिभोज का आयोजन किया गया था, जबकि 13 नवंबर को मुड़चढ़ी की रस्म निभाई गई। इन आयोजनों में क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
मसूरी में प्रशिक्षण के दौरान हुई थी मुलाकात
दोनों अधिकारियों की मुलाकात मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ और बाद में यह रिश्ता विवाह तक पहुंचा। विवाह तय होने के बाद हिमाचल प्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह को नियमानुसार हरियाणा कैडर आवंटित हुआ। वर्तमान में विवेक आर्य और अदिति सिंह दोनों पंचकूला में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच दोनों अधिकारियों ने अब वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की है।












Total Users : 455109
Total views : 720227