पीएम सेतु के तहत कुरुक्षेत्र, कैथल व अंबाला में 7 आईटीआई के कलस्टर पर खर्च किया जाएगा 320 करोड़ रुपये का बजट – नायब सिंह सैनी
युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता – मुख्यमंत्री
कलस्टर के तहत युवाओं को दिया जाएगा आधुनिक कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का किया उद्घाटन
लाडवा क्षेत्र को 43 करोड़ 31 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
केंद्र में प्रतिवर्ष 1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा एआई, इलेक्ट्रिक वाहन, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 320 करोड़ रुपये की लागत से पीएम सेतु के अंतर्गत कुरुक्षेत्र, कैथल और अम्बाला की सात आईटीआई का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन सेंटरों में आईटी, इंटरनेशनल मोबिलिटी, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा ऑडियो वीडियो एंड ग्राफिक्स जैसे भविष्य के क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवीन अवसर कार्यक्रम के अंतर्गत एक वर्ष में 10,000 से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का संकल्प है। हमारा उद्देश्य युवाओं को जर्मनी, जापान, इटली, फिनलैंड और ओमान जैसे देशों में सम्मानजनक और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने गांव बहलोलपुर महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का लोकार्पण किया और लाडवा विधानसभा की 43 करोड़ 31 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने स्किल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया। युवाओं द्वारा तैयार एग्रीटेक ड्रोन तकनीक को जाना और जॉब मेले का अवलोकन भी किया। इस दौरान कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद श्री नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के सपनों, संभावनाओं और आत्मनिर्भरता का नया द्वार है। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावों में किये वादे को पूरा करते हुए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना की है, जहां युवाओं को कौशल में प्रशिक्षित किया जा रहा है। कैथल में भी लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से आरकेएसडी-नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लगभग 20 शिक्षण संस्थानों में जाकर कैंपस इन कैंपस के तहत युवाओं को कौशल में प्रशिक्षित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। यहां के लोगों ने उन्हें जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसी विश्वास के साथ क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर स्थापित यह केंद्र उनके शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन के विचारों को आगे बढ़ाने का काम करेगा। महात्मा फुले ने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर बेटियों की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। आज इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए बेटियों और बेटों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहलोलपुर स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले आईटीआई को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कौशल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस कार्य में सांसद नवीन जिंदल और नवीन जिंदल फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने जर्मनी, जापान, फिनलैंड और मॉरीशस सहित कई देशों के साथ मोबिलिटी साझेदारियां की हैं, जिनके माध्यम से हरियाणा के 50 से अधिक युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों तक पहुंच मिली है। इस केंद्र ने बजाज ऑटो, नाइलिट, स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स और नैसकॉम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ साझेदारी की है। इससे युवाओं को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।
प्रतिवर्ष 1000 से अधिक युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रोजगार की दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर तकनीक, साइबर सुरक्षा, सौर ऊर्जा, ड्रोन और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में कुशल युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र में प्रतिवर्ष 1000 से अधिक विद्यार्थियों को अल्पकालिक प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, सौर ऊर्जा, प्राकृतिक खेती और सिलाई तकनीक सहित विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी पाने योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी भी बनाना है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार ने नई स्टार्टअप नीति लागू की है। इसके तहत युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी सहायता देकर अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आज प्रदेश में 12 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं।
हरियाणा विजन-2047 में 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा विजन-2047 तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति में शिक्षित, कुशल और आत्मविश्वासी युवाओं की अहम भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 27 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों ने 71 ट्रेडों में 40 उद्योगों के साथ समझौते किए हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं, जबकि करनाल, पानीपत और पंचकूला में तीन जिला कौशल केंद्र खोले गए हैं। पीएम-सेतु योजना के तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति मिली है। इसके तहत कुरुक्षेत्र आईटीआई हब के रूप में कार्य करेगा और कुरुक्षेत्र, कैथल, पिहोवा, पबनावा तथा अंबाला सिटी के छह आईटीआई इससे जुड़ेंगे। जिंदल नवीन अवसर लिमिटेड इसमें एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में हरियाणा सरकार के साथ कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। हरियाणा विजन-2047 में महिला श्रमबल भागीदारी को 45 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। महात्मा फुले ने जिस बेटी के हाथ में किताब थमाने का कार्य किया था, आज यह कौशल केंद्र उसी बेटी के हाथ में हुनर देकर उसे आत्मनिर्भर बनाने का काम करेगा।
लाडवा क्षेत्र को 43.31 करोड़ रुपये की 6 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र को कुल 43 करोड़ 31 लाख 8 हजार रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 55.50 लाख रुपये की लागत से गांव खेड़ी दबदलान में नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा 42 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इन परियोजनाओं में गांव कोलापुर में 55.50 लाख रुपये की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, लाडवा में 12 करोड़ 88 लाख 56 हजार रुपये की लागत से लोक निर्माण विश्राम गृह का निर्माण, जीटी रोड से गांव कोलापुर तथा बरगट चौक से सुनारिया चौक तक 15 करोड़ 3 लाख 54 हजार रुपये की लागत से सडक़ को फोरलेन करना, लाडवा में 4 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की लागत से डॉ. बीआर आंबेडकर भवन का निर्माण तथा इंद्री रोड पर 9 करोड़ 83 लाख 73 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, साझेदार संस्थाओं और क्षेत्र के नागरिकों से आह्वान किया कि वे मिलकर इस कौशल केंद्र को सफल बनाएं, ताकि यहां से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले युवा प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान चार संस्थाओं के साथ एमओयू हुआ साइन
कार्यक्रम के दौरान चार संस्थाओं के साथ एमओयू साइन किया गया, जिससे युवाओं को स्किल एवं कौशल का प्रशिक्षण मिलेगा। इनमें क्वेस्ट एलायंस के साथ 21वीं सदी के रोजगार कौशल प्रशिक्षण के लिए, एनआईआईटी के साथ : आईटी/आईटीईएस और उन्नत एआई प्रशिक्षण के लिए, एडुवेंटेज : डिजिटलीकृत शिक्षार्थी जीवनचक्र प्रबंधन प्रणाली और फीस्ट संस्थान के साथ वर्चुअल रियलिटी के लिए एमओयू शामिल है।
कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा व कौशल प्रशिक्षण की बनाएंगे राजधानी – नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में, महात्मा ज्योतिबा फुले के आशीर्वाद से कैथल और कुरुक्षेत्र को शिक्षा व कौशल प्रशिक्षण की राजधानी बनाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हमें इस आईटीआई के आधुनिकीकरण करने और चलाने की जिम्मेदारी दी है। लगभग 9 करोड़ की लागत से महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर युवाओं को ट्रेनिंग दे रहा है। यहां प्रत्येक वर्ष 1,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोडऩे का लक्ष्य रखा है। इस सेंटर द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन विकसित भारत-2047 के अंतर्गत स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
गुरुग्राम में युवा संवाद कार्यक्रम में आरती सिंह राव ने युवाओं से किया सीधा संवाद
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर— हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जीएमडीए की मास्टर लाइन से 15 एमएलडी नहरी पानी की आपूर्ति को मंजूरी मिलना मानेसर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे बास कुशला, बास हरिया, धाना, कासन और खोह सहित क्षेत्र के गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और भूजल पर निर्भरता कम होगी।
आरती सिंह राव रविवार को आईएमटी मानेसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने युवाओं और क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करवाने का निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने मानेसर में एसटीपी प्लांट स्थापित किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे जोहड़ों में जाने वाला गंदा पानी शोधित होकर दोबारा जोहड़ों में पहुंच रहा है।
इस अवसर पर विधायक बिमला चौधरी ने मानेसर क्षेत्र के गांवों में नहरी पानी की आपूर्ति को मंजूरी मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लंबे समय से यह मुद्दा सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा था। उन्होंने क्षेत्र में 200 बेड के अस्पताल की मांग भी रखी। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ इस विषय पर पहले भी चर्चा हो चुकी है और वह चंडीगढ़ जाकर दोबारा इस मुद्दे को उठाएंगी।
गुरुग्राम में ‘सुरक्षित दवाएं, नशामुक्त समाज’ राज्य स्तरीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार नहीं, बल्कि समाजसेवा भी : आरती राव
बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करने की अपील, नकली दवाओं पर होगी सख्त कार्रवाई
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। जब कोई दवा विक्रेता किसी जरूरतमंद को सही दवा उपलब्ध करवाता है, तो वह किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के साथ एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रखने में भी योगदान देता है। इसलिए दवा विक्रेताओं को अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रविवार को गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय औषधि सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। ‘सुरक्षित दवाएं, नशामुक्त समाज’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन गुरुग्राम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन तथा हरियाणा ड्रग डीलर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार देश और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं, लेकिन नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ पूरे परिवार को तोड़ देती है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने दवा विक्रेताओं से अपील की कि बिना वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करें और दवाओं की खरीद-बिक्री में निर्धारित नियमों का पूरी सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नकली दवाओं, फर्जी इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मेडिकल दवाओं के गलत इस्तेमाल और अवैध बिक्री की रोकथाम भी जरूरी है। नकली दवाओं के कारोबार तथा दवा क्षेत्र में भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से दवाओं के वितरण में निर्धारित नियमों का पालन करने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने दवा विक्रेताओं से तीन महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला, कोई भी दवा विक्रेता नियमों के विरुद्ध दवाओं की बिक्री नहीं करेगा। दूसरा, अपने प्रतिष्ठान पर उपलब्ध जागरूकता सामग्री और पोस्टर के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा सुरक्षित दवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक करेगा। तीसरा, नशामुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल आयोजनों और औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे पूरी ईमानदारी के साथ धरातल पर लागू करना होगा। हमारा उद्देश्य ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां युवाओं को नशे के बजाय रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर मिलें तथा प्रत्येक नागरिक स्वस्थ जीवन जी सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री चौधरी सुरेंद्र सिंह की सोच को धरातल पर उतार रही सरकार : श्रुति चौधरी
कहा – नहरों, रजवाहों पूरे नहरी तंत्र का नवीनीकरण सरकार की प्राथमिकता
तोशाम क्षेत्र की 13 गौशालाओं को 1.30 करोड़ से अधिक राशि के चैक वितरित किए
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़,15 नवंबर-हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह का जीवन विकास, जनसेवा और दूरदर्शी सोच का प्रतीक रहा है।
श्रुति चौधरी आज जिला भिवानी में अपने पैतृक गांव गोलागढ़ में चौधरी स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित उनके पुराने साथियों, सहयोगियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह के साथियों और कार्यकर्ताओं का समर्पण तथा उनके प्रति स्नेह हमेशा याद रहेगा। उन्होंने पुराने भिवानी जिले की जनता का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने हमेशा चौधरी बंसीलाल और उनके परिवार को अपना स्नेह, विश्वास और समर्थन दिया है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि चौधरी सुरेंद्र सिंह केवल चौधरी बंसीलाल के बेटे ही नहीं थे, बल्कि प्रदेश की राजनीति और विकास की दिशा तय करने में उनकी अहम भूमिका रही। चौधरी बंसीलाल प्रदेश में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने से पहले सुरेंद्र सिंह के साथ विचार-विमर्श करते थे। दोनों के बीच विकास योजनाओं को लेकर गहरा तालमेल और दूरदर्शी सोच थी।
उन्होंने कहा कि पुराने भिवानी जिले की जनता ने हमेशा चौधरी बंसीलाल और उनके परिवार का साथ दिया है। इसके लिए वे क्षेत्र की जनता का तहेदिल से धन्यवाद करती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सिंचाई विभाग के वर्षों पुराने नहरों, रजवाहों और लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम सहित पूरे सिंचाई तंत्र का नवीनीकरण किया जा रहा है। पुरानी हो चुकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आधुनिक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्रुति चौधरी ने जन्मोत्सव के अवसर पर पहुंचे पुराने साथियों और कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक सफर में कार्यकर्ताओं और जनता का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। चौधरी सुरेंद्र सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में लोगों के साथ मजबूत संबंध बनाए और विकास को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।
सिंचाई मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग से विकास कार्यों को गति देने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। सिंचाई व्यवस्था का नवीनीकरण हो या क्षेत्र की अन्य जनहितकारी योजनाएं, उनका उद्देश्य आमजन और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की प्रेरणा उन्हें चौधरी सुरेंद्र सिंह से मिली है। वे चाहते थे कि किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचे और सिंचाई व्यवस्था समय के साथ मजबूत होती रहे। उनकी इसी सोच से प्रेरणा लेकर आज इन व्यवस्थाओं को नया स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने तोशाम क्षेत्र की 13 गौशालाओं को 1.30 करोड़ से अधिक की राशि के चेक भी बांटे। जिन गौशालाओं चैक वितरित किए गए उनमें जितवानवास की श्री शिव मुनि गौशाला, दिनोद की श्री बाबा धुनीवाला गौ सेवा ट्रस्ट, संडवा की श्री खाटू श्याम गौशाला सेवा समिति, ढाणीमाहू की श्री राधा कृष्ण गौशाला ट्रस्ट, पिंजोखरा की जय श्री श्याम गौशाला, तोशाम की बाबा मुंगीपा गौ सेवा ट्रस्ट, दुल्हेड़ी की श्री शिव गौशाला धर्मार्थ समिति, बुशान की महंत नोमीनाथ खेती गौ सेवा पर्यावरण शुद्धता समिति, लोहारू की मां दुर्गा भवानी गौशाला ट्रस्ट, बापोड़ा की बाबा गौशाला संस्था, सांगवान की जय बाबा रामदास गौशाला, लोहारू की यदुवंशी गौशाला सेवा समिति और बजीना की पंच पीर श्री श्री बाबा ठाड़े श्री गौ सेवा धाम शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर गोलागढ़ में कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में 600 से अधिक लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस पहल का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर एसडीएम संदीप कुमार, एडवोकेट हरिसिंह सांगवान, पूर्व चेयरमैन शीशराम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप देश का सबसे पहला विकसित राज्य बनेगा हरियाणा – नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 44 करोड़ 83 लाख रुपये की 6 परियोजनाओं से पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को दी सौगात
अब धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का भव्य कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार करेंगे स्वागत
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप हरियाणा देश का सबसे पहला विकसित राज्य बने। सरकार जो कहती है, वो करके भी दिखा रही है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 76 संकल्प दो साल में ही पूरे कर दिखाए हैं, बाकी 141 संकल्पों पर काम तेजी से चल रहा है। किसी भी प्रदेश व क्षेत्र का विकास आम आदमी के रोजमर्रा के जीवन में आई सुविधा से मापा जाता है। जब घर-आंगन से लेकर गांव की चौपाल तक बदलाव दिखाई दे, तभी विकास का वादा धरातल पर उतरता है। जनसेवा हमारे लिए केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारा धर्म है।
मुख्यमंत्री रविवार को जिला कुरुक्षेत्र में नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपए की 6 परियोजनाओं की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 13 करोड़ 36 लाख रुपये की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन और 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की 2 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने छठ पर्व की बधाई दी। इस दौरान सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र हमारी सभ्यता, आस्था और जीवन-दर्शन का केंद्र है। इसी भूमि से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य और लोककल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया। आज की ये परियोजनाएं उसी कर्म-संकल्प को साकार करने का प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा हलके के पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड की कॉलोनियों के लिए 22 करोड़ 47 लाख रुपये की सीवरेज व्यवस्था और 6.50 एम.एल.डी. पंपिंग स्टेशन की आधारशिला रखी गई है। अब बरसों पुरानी जल-निकासी की समस्या का अब स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी के दो सब-स्टेशन शुरू हुए हैं। इनसे बिजली की आपूर्ति और मजबूत होगी। मिर्जापुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र खुले हैं। अब इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, स्वास्थ्य सुविधा गांव में ही मिलेगी। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ रुपये से केडीबी रोड का नवीनीकरण और सौंदर्गीकरण होगा। धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत अब भव्य कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं। लाडवा में 50 बेड का नागरिक अस्पताल बनाया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बना कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोहतक के बाद यह देश का दूसरा ऐसा ट्रैक है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी और पांचजन्य की प्रतिकृति का अनावरण किया।
उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे भी विकसित हरियाणा की ओर ठोस कदम हैं। जन-प्रतिनिधियों और नागरिकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आप अपने क्षेत्र की जरूरतें और निर्माण कार्यों की स्थिति प्रशासन तक पहुंचाते रहें, ताकि हर समस्या का समाधान समय पर हो सके। उन्होंने पिपली, लाडवा, थानेसर और पूरे कुरुक्षेत्र के नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि विकास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। हम सब मिलकर ऐसा कुरुक्षेत्र बनाएंगे जहां आधुनिक सुविधाएं भी हों और हमारी सांस्कृतिक पहचान पहले से अधिक सशक्त हो।
वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा हरियाणा — नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास तेज गति से हो रहा है। इस गति से प्रदेश वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा और दूसरे प्रदेश हरियाणा से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंंत्री हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं लाकर उन्हें धरातल पर लागू कर रहे हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल है और लगातार प्रदेश विकसित प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 10 गुणा गति से चल रहा काम — सुभाष सुधा
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिपली विकास के क्षेत्र में चमक रहा है। प्रदेश में 10 गुना गति से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को उमरी में संत शिरोमणि रविदास की यात्रा पहुंच रही है। इस यात्रा का उमरी में सबसे बड़ा स्वागत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों को यात्रा में बढ़चढ़ कर शामिल होने का निमंत्रण दिया।इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब में टेका माथा, प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की अरदास की
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र के पिपली स्थित ऐतिहासिक नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब में माथा टेका और प्रदेश के नागरिकों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुद्वारा पहुंचने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और संगत द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया और संत-महात्माओं से आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुद्वारा पिपली साहिब का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है। सिख गुरुओं ने हमें मानवता, सेवा और भाईचारे का मार्ग दिखाया है। प्रदेश सरकार भी इसी मार्ग पर चलते हुए सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरपर्सन माफी ढांडा, गुरुद्वारा कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
अंग्रेजों द्वारा जिन अनसंग हीरोज को पेड़ों पर टांगकर गोलियां मारी, उन पर कोल्हू चलाए उनकी आत्मिक शांति के लिए आज हवन-यज्ञ के बाद शहीद स्मारक जनता के लिए खोला गया — ऊर्जा मंत्री अनिल विज
1857 के वीर शहीदों के इतिहास को भूला दिया गया था, उन शहीदों की याद में अम्बाला छावनी में शहीद स्मारक बनाया
देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं जिसमें आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित सभी शहीदों को दिखाया गया हो — अनिल विज
शहीद स्मारक में ऑनलाइन बुकिंग शुरु, 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक निशुल्क एंट्री — अनिल विज
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ 15 नवम्बर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान अंग्रेजों द्वारा जिन क्रांतिकारियों को पेड़ों से टांग-टांग कर गोलियां मारी गईं, जिन पर कोल्हू चलवाए गए और गांव के गांव जला दिए गए, ऐसे सभी ज्ञान-अज्ञात शहीदों की आत्मा की शांति के लिए आज हमने शहीद स्मारक में हवन यज्ञ किया है और आज से ही शहीद स्मारक लोगों के लिए खुल गया है। लोग स्मारक में आकर शहीदों की कुर्बानियों की गाथायों को देख सकते हैं।
विज रविवार को अम्बाला छावनी में 1857 आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक में हवन यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 1857 की आजादी की लड़ाई कांग्रेस के जन्म से 28 साल पहले सारे देश में लड़ी गई थी, उसके इतिहास को भूला दिया गया था। उन शहीदों की याद में हमने अंबाला छावनी में एक भव्य शहीद स्मारक बनाया है और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को इसका लोकार्पण कर दिया है। यह लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू हुई थी और पूरे देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं है, जिसमें आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित सभी शहीदों को दिखाया गया हो।
उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक में 23 गैलरी हैं और इसे देखने में लगभग 6 घंटे लगते हैं। यहां रात को लाइट एंड साउंड शो भी दिखाया जाएगा। इसमें एक गैलरी ऐसी बनाई गई है, जिसमें हर दर्शक जरूर जाए। वह गैलरी जहां सभी शहीदों को जाकर अपनी श्रद्धांजलि देंगे। यहां ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि श्रद्धांजलि देने वाले का नाम भी रजिस्टर होगा। उन्होंने यहां आने वाले लोगों से आह्वान किया कि लोग इस गैलरी में अवश्य जाएं और शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए वहां श्रद्धांजलि अर्पित करें।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस शहीदी स्मारक को बनाने में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसकी बुकिंग खुल गई है। अभी ट्रायल रन किया जा रहा है, इसलिए एक दिन में केवल 500 लोगों को शहीद स्मारक में जाने की अनुमति दी गई है। आज से यानी 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक जो बुकिंग कराएगा, उसकी एंट्री फ्री है। बुकिंग ऑनलाइन भी हो रही है। उन्होंने बताया कि अभी जो बुकिंग हुई थी, उसमें कुछ लोगों ने बिना आधार कार्ड के बुकिंग कर दी थी, तो हमने उसे कैंसिल कर दिया था और उनके स्लॉट खाली हो गए थे। अब हमने आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। अब बिना आधार कार्ड के बुकिंग नहीं होगी। इस महीने की कुछ सीटें खाली हो गई हैं। अगर लोग जाएंगे तो उनमें बुकिंग कर सकेंगे और जल्दी ही शुल्क बुकिंग भी शुरू कर देंगे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम चाहते हैं कि नया इतिहास, जो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लिखने का काम किया है, वह आने वाली पीढ़ी को जरूर दिखाया जाए क्योंकि पहले इनके बारे में गलत ही पढ़ाते थे। शहीदों के बारे में कभी बताया नहीं गया। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए एक कदम भी किसी ने अपने घर से बाहर निकाला, तो वह उनके चरण स्पर्श करते हैं। मगर जिनको भुला दिया गया, उनकी याद में यह स्मारक बनाया गया है। वह चाहते हैं कि युवा पीढ़ी इसे जरूर देखे। हमने सरकार को भी लिखा है कि सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों तथा कॉलेजों के बच्चों को यहां स्मारक दिखाने के लिए व्यवस्था की जाए।
इसके उपरान्त विज ने संग्रहालय में जाकर टिकटिंग व्यवस्था को भी परखा और यहां पर आजादी की पहली लड़ाई (इवेन्ट स्पोर्ट्स अम्बाला छावनी) यानी अम्बाला से जो आजादी की क्रांति शुरू हुई थी, उस पर आधारित फिल्म को देखा। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म श्री अनिल विज द्वारा स्वयं बनाई गई। इस फिल्म में यह दर्शाया गया है कि आजादी की लड़ाई में अम्बाला से सम्बधिंत घटना में 135 लोग मारे गए थे, जिनमें से 33 बंदी थे।
विज ने कहा कि आज हम जो आजादी की सांस ले रहे हैं, वे इन शहीदों की बदौलत है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों को हंसते हंसते न्यौछावर कर दिया। यह भव्य स्मारक शहीदों को समर्पित हैं।
शहीद स्मारक के निदेशक डॉ कुलदीप सैनी ने बताया कि आज स्मारक के खुलने के बाद पहले स्लॉट में पहुंचे दर्शकों का फूल भेंटकर अभिनंदन किया गया। आगे भी स्लॉट के अनुसार दर्शकों को शहीद स्मारक को दिखाने का काम किया जाएगा।
गीता का संदेश और भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष सबके लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में श्री कृष्ण कृपा धाम के भवन निर्माण का किया शिलान्यास
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह में अर्पित की श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 31 लाख रुपये देने की घोषणा की
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें गीता के माध्यम से कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का मार्ग दिखाया, वहीं भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन और संघर्ष से हमें स्वाभिमान, एकता तथा अपनी धरती और संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिया। दोनों महापुरुषों के संदेश हमें सिखाते हैं कि सच्चा जीवन वही है, जो अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान हो और समाज के हित में समर्पित हो।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को पंचकूला में ‘श्री कृष्ण कृपा धाम’ के भवन का शिलान्यास तथा जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण कार्य के लिए 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कृष्ण कृपा धाम के रूप में पंचकूला की इस पावन धरती पर केवल एक भवन की ही नहीं, बल्कि एक ऐसे आध्यात्मिक केंद्र की नींव रखी जा रही है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ईंट और पत्थर से बनने वाला यह भवन श्रद्धा और संस्कारों के बल पर एक तीर्थ के रूप में विकसित होगा।
गीता का ज्ञान चिंताओं को समाप्त करता है:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार गीता के संदेश को कुरुक्षेत्र से अब विश्व में घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है जिसमें गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का उल्लेखनीय सहयोग है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब हम भविष्य को लेकर चिंतित होते हैं, तब श्रीमद्भगवद्गीता हमें धैर्य, विवेक और कर्म करने की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि इस धाम से निकलने वाला आध्यात्मिक संदेश पंचकूला से पूरे हरियाणा और देश भर में फैले।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस को राष्ट्रीय पहचान दिलाई:
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाई। वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को यह दिवस मनाया जा रहा है, ताकि जनजातीय वीरों के बलिदान और जनजातीय समाज के योगदान को पूरे देश के सामने सम्मानपूर्वक याद किया जा सके। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
बिरसा मुंडा का संघर्ष इतिहास में दर्ज:
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और अपनी धरती एवं संस्कृति की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध उनका संघर्ष इतिहास में दर्ज है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि साहस केवल शस्त्र उठाने में नहीं, बल्कि अपने लोगों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य के लिए निडर होकर खड़े होने में भी है। उन्होंने समाज सुधारक के रूप में नशे, अंधविश्वास और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज बुलंद की और फिर ‘हमारी धरती, हमारा राज’ का नारा देकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए महाविद्रोह का नेतृत्व किया।
बिरसा मुंडा ने गीता को जीवन में उतारकर दिखाया:
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हम भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को गौर से देखें तो हमें पता चलता है कि उन्होंने गीता को अपने जीवन में उतारकर दिखाया और गीता के संदेश के अनुरूप कर्म और कर्त्तव्य को प्राथमिकता दी जिसके कारण उन्हें सदैव याद किया जाता रहेगा। उन्होंने कम आयु में ही अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाकर जनजातीय समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक गौरव की भावना जगाई। आज देश के हर किसान, आदिवासी और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने वाले प्रत्येक युवा के भीतर भगवान बिरसा मुंडा जीवित हैं।
प्रमुख गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित:
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर एवं श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट के संरक्षक श्याम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल, बाबा भूपेंद्र, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी.बी. भारती, विशेष शिकायत निवारण अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, उपायुक्त सतपाल शर्मा, एस.पी. सिंगला, श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट के पदाधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












Total Users : 454786
Total views : 719801