एसवी एंड एसीबी रोहतक की सोनीपत यूनिट ने की कार्रवाई, आरोपी सोनू को रिश्वत की राशि सहित रंगे हाथों पकड़ा
शिकायतकर्ता का खोया हुआ मोबाइल फोन ढूंढने और इस संबंध में कार्रवाई करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
एसडीएम खरखौदा की मौजूदगी में बिछाया जाल, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सोनीपत में 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कुंडली पुलिस स्टेशन में तैनात एक होमगार्ड स्वयंसेवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू (34 वर्ष), निवासी गांव ओरंगाबाद, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। आरोपी ने शिकायतकर्ता का खोया हुआ मोबाइल फोन तलाशने और इस संबंध में कार्रवाई करने की एवज में कथित तौर पर 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
खोया हुआ मोबाइल फोन तलाशने के बदले मांगी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन खो गया था। आरोप है कि होमगार्ड स्वयंसेवक सोनू ने मोबाइल फोन तलाशने और इस संबंध में कार्रवाई करने के बदले शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसवी एवं एसीबी की सोनीपत यूनिट ने मामले में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसडीएम की मौजूदगी में की गई ट्रैप कार्रवाई
इस संबंध में थाना एसवी एवं एसीबी रोहतक में एफआईआर नंबर 38, दिनांक 15 नवंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई सीडीसी/इंस्पेक्टर उषा, एसवी एवं एसीबी यूनिट सोनीपत के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री अमित कुमार, एचसीएस, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), खरखौदा तथा शैडो गवाह के रूप में एसडीएम कार्यालय, खरखौदा में कार्यरत स्टेनो श्री सुदीप मौजूद रहे।
सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना
एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी अथवा उसकी ओर से कार्य करने वाला कोई व्यक्ति किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दी जा सकती है। शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना किसी भय या संकोच के भ्रष्टाचार की सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।













Total Users : 454786
Total views : 719801