November 23, 2026 9:05 am

November 23, 2026 9:05 am

बच्चों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं: हरियाणा मानव अधिकार आयोग

पांच वर्षीय बच्ची के कथित यौन शोषण के मामले में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी सहित पांच प्राधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब

पानीपत के निजी स्कूल की परिवहन व्यवस्था, चालक एवं परिचालिका की भूमिका और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की होगी जांच;

आयोग ने सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के प्रभावी अनुपालन, बच्चों की सुरक्षा तथा स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर दिया जोर

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर 2026। हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने पानीपत के एक निजी स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ने वाली पांच वर्षीय बच्ची के साथ स्कूल वैन के चालक द्वारा कथित यौन शोषण किए जाने के मामले में समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने मामले की गंभीरता, बच्ची की कम आयु तथा स्कूल परिवहन के दौरान बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।
आयोग की पीठ, जिसमें अध्यक्ष न्यायमूर्ति लालित बत्रा, सदस्य (न्यायिक) कुलदीप जैन तथा सदस्य दीप भाटिया शामिल हैं, ने स्वतः संज्ञान मामला संख्या 3384/7/15/2026 में पारित आदेश में कहा है कि शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षा सर्वोपरि महत्व का विषय है। स्कूल का दायित्व केवल अपने परिसर में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल द्वारा बच्चों के आवागमन के लिए की गई परिवहन व्यवस्था भी इसके दायरे में आती है।
समाचार रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल वैन के चालक पर पांच वर्षीय बच्ची को अनुचित तरीके से छूने तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी देने के आरोप हैं। बताया गया है कि बच्ची को चलने-फिरने एवं शौचालय का उपयोग करने में परेशानी हो रही थी। माता द्वारा पूछे जाने पर उसने कथित घटना के बारे में बताया। बच्ची के पिता की शिकायत पर महिला थाना, पानीपत में पॉक्सो अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया तथा न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज किया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा बच्ची की काउंसलिंग किए जाने की बात भी समाचार रिपोर्ट में कही गई है।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि चालक बच्ची को स्कूल वैन की अगली सीट पर बैठाता था, जबकि महिला परिचालिका अपने मोबाइल फोन में व्यस्त रहती थी। स्कूल की प्रधानाचार्या द्वारा ऐसी किसी घटना के घटित होने से इनकार किए जाने की बात भी सामने आई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आरोप अभी जांच के अधीन हैं और उनकी सत्यता का निर्धारण निष्पक्ष जांच के माध्यम से सक्षम प्राधिकारियों द्वारा किया जाना आवश्यक है।

स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही और परिवहन व्यवस्था की निगरानी जरूरी
आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि स्कूल प्रबंधन का यह दायित्व है कि बच्चों के परिवहन के लिए नियुक्त चालक, परिचालिका एवं अन्य कर्मचारियों के पूर्ववृत्त एवं चरित्र का उचित सत्यापन करवाया जाए। परिवहन के दौरान पर्याप्त निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार अथवा शोषण से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
आयोग ने विशेष रूप से उल्लेख किया है कि यात्रा के दौरान परिचालिका का सतर्क एवं सजग रहना आवश्यक है। किसी भी शिकायत अथवा बच्चे को नुकसान पहुंचने के संकेत को तत्काल और संवेदनशीलता के साथ लिया जाना चाहिए। यदि जांच में निगरानी संबंधी लापरवाही सामने आती है, तो यह स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों की सुरक्षा के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करेगी।

सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत सीसीटीवी व्यवस्था की जांच होगी
आयोग ने हरियाणा सरकार के परिवहन विभाग द्वारा लागू ‘सुरक्षित स्कूल वाहन नीति’ के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए स्कूल बसों एवं वाहनों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, उनके सुचारू संचालन तथा रिकॉर्डिंग की निगरानी एवं सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है।
आयोग ने कहा है कि परिवहन आयुक्त, हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार स्कूल वाहनों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति तथा उनसे प्राप्त रिकॉर्डिंग/डेटा किस प्राधिकारी अथवा व्यक्ति के कब्जे में है, इसका सत्यापन किया जाना आवश्यक है। बस का संपूर्ण क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी के दायरे में होना चाहिए।
आयोग ने जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत को विशेष रूप से यह जांचने के निर्देश दिए हैं कि घटना की संबंधित तिथि को स्कूल वैन में सीसीटीवी कैमरे स्थापित थे अथवा नहीं, वे कार्यशील थे अथवा नहीं तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी गई है अथवा नहीं। यदि संबंधित फुटेज उपलब्ध है, तो उसे बिना किसी देरी के जांच एजेंसी के परीक्षण के लिए सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था लागू करते समय उनकी निजता एवं गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार अभिसमय और भारतीय कानूनों का उल्लेख
आयोग ने अपने आदेश में संयुक्त राष्ट्र बाल अधिकार अभिसमय (UNCRC) के अनुच्छेद 3, 19 एवं 34 का उल्लेख करते हुए कहा है कि बच्चों से संबंधित सभी निर्णयों में उनके सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक हिंसा, दुर्व्यवहार तथा यौन शोषण से बचाना राज्य एवं संबंधित संस्थानों का दायित्व है।
इसके अतिरिक्त, आयोग ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों का भी उल्लेख किया है।
आयोग ने कहा है कि यदि आरोप निष्पक्ष जांच में प्रमाणित होते हैं, तो यह बच्ची की शारीरिक स्वायत्तता, गरिमा, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा यौन शोषण से संरक्षण के अधिकार का गंभीर उल्लंघन होगा। आयोग ने यह भी निर्देशित किया है कि पूरी कार्यवाही के दौरान बच्ची के साथ संवेदनशीलता एवं गरिमा के साथ व्यवहार किया जाए तथा कानून के अनुसार उसकी पहचान एवं निजता सुरक्षित रखी जाए।

न्यायमूर्ति लालित बत्रा की अध्यक्ष्ता वाली पूर्ण पीठ ने पांच प्राधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब
उपायुक्त, पानीपत: संपूर्ण मामले की जांच करते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत: स्कूल की मान्यता एवं नियामक स्थिति, परिवहन सुरक्षा मानकों के अनुपालन, चालक एवं परिचालिका के चरित्र सत्यापन, वैन में निगरानी व्यवस्था तथा स्कूल के बाल संरक्षण तंत्र के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर की गई अथवा प्रस्तावित कार्रवाई का विवरण भी देना होगा।
पुलिस अधीक्षक, पानीपत: एफआईआर दर्ज किए जाने, लागू कानूनी धाराओं, जांच की वर्तमान स्थिति, साक्ष्य एकत्रित करने, बच्ची के चिकित्सकीय परीक्षण एवं बयान तथा उसकी सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी गई है। चालक, परिचालिका और वैन में बच्ची को अगली सीट पर बैठाए जाने से संबंधित सभी पहलुओं की जांच का विवरण भी देना होगा।
संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य/प्रमुख (जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से): स्कूल की परिवहन एवं निगरानी व्यवस्था, चालक एवं परिचालिका को सौंपे गए दायित्वों, उनके चरित्र सत्यापन तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए अपनाए गए उपायों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। किसी भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध की गई या प्रस्तावित कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए गए सुधारात्मक कदमों का भी उल्लेख करना होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, पानीपत: बाल कल्याण समिति द्वारा किए गए हस्तक्षेप, बच्ची को उपलब्ध कराई गई काउंसलिंग एवं सहायता, आगे की देखभाल की आवश्यकता तथा बच्ची के सर्वोत्तम हितों, गरिमा एवं गोपनीयता की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों पर रिपोर्ट मांगी गई है।
डॉ. पुनीत अरोड़ा, असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने बताया कि हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने सभी संबंधित प्राधिकारियों को निर्देश दिया है कि रिपोर्ट में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए किए गए उपायों, स्कूल परिवहन के दौरान प्रभावी निगरानी, नियुक्त कर्मचारियों की जवाबदेही तथा बाल सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन का विशेष रूप से उल्लेख किया जाए। सभी प्राधिकारी बच्ची की पहचान एवं निजता की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। इस मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी, 2027 को निर्धारित की गई है। उपरोक्त अधिकारियों एवं संबंधित स्कूल प्रबंधन को अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पूर्व अपनी विस्तृत रिपोर्ट आयोग के समक्ष प्रस्तुत करनी है|

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 0 2 6 3
Total Users : 460263
Total views : 727450

शहर चुनें