चंडीगढ़, 14 जनवरी 2026: चंडीगढ़ में 10वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों तथा राष्ट्र सेवा में समर्पित सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन किया गया।

सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1953 में भारत के पहले भारतीय सेनाध्यक्ष फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा सेवानिवृत्त हुए थे, जिन्होंने 1947 के युद्ध में भारतीय सेनाओं का नेतृत्व करते हुए देश को विजय दिलाई थी।
कार्यक्रम का आयोजन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एच. राजेश प्रसाद, आईएएस, मुख्य सचिव, चंडीगढ़ प्रशासन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से अपने स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण में प्रेरणास्रोत बने रहने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों तथा शौर्य एवं विशिष्ट सेवा पदक विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। राजेश प्रसाद ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दरों में की गई वृद्धि की जानकारी भी साझा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूर्व सैनिक किसी भी कल्याणकारी विषय या शिकायत से संबंधित सुझाव लिखित रूप में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस मौके पर निशांत कुमार यादव, आईएएस, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सैनिक बोर्ड, चंडीगढ़ ने पूर्व सैनिकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने देश के प्रति उनके साहस, त्याग और समर्पण के लिए आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों की वीर नारियों को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कर्नल हरजीत सिंह घुमन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने स्वागत भाषण देते हुए पूर्व सैनिकों के अद्वितीय योगदान और बलिदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि वीर नारियों, विधवाओं, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को दी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दरों में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सेक्टर-21डी, चंडीगढ़ स्थित सैनिक विश्राम गृह के नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बेहतर अतिथि कक्ष एवं उन्नत खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
कार्यक्रम देश सेवा में समर्पित पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक बना।











Total Users : 291334
Total views : 493630