April 5, 2026 10:00 pm

April 5, 2026 10:00 pm

HARYANA: जींद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली, विपक्ष पर साधा निशाना; 253 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़/जींद, 5 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का एक ही एजेंडा रहा है—“वोट लो और शोषण करो”, जबकि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 253 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। रैली के संयोजक और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
विपक्ष पर तीखा प्रहार, जींद की अनदेखी का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद क्षेत्र को लंबे समय तक विपक्षी सरकारों ने नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि “झूठे वादों के जरिए लोगों से वोट तो लिए गए, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया।”
उन्होंने परिवारवाद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकारों ने केवल अपने परिवारों का भविष्य सुरक्षित किया, जबकि वर्तमान सरकार ने क्षेत्र का “हक सूद समेत लौटाने” का काम किया है।
जनता का भरोसा जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जनता ने लगातार तीसरी बार सरकार को सेवा का अवसर दिया है, जो एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के संकल्प पत्र के 217 वादों में से 60 को डेढ़ साल में पूरा कर दिया गया है, जबकि शेष 157 पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल लक्ष्य नहीं बल्कि जन आंदोलन है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
जींद में विकास कार्यों पर बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में जींद क्षेत्र में 2,217 करोड़ 61 लाख रुपये के विकास कार्य किए गए, जबकि कांग्रेस शासन के 10 वर्षों में यह राशि मात्र 380 करोड़ 97 लाख रुपये रही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू किया गया है और “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को जमीन पर उतारा गया है।
युवाओं को रोजगार, आधारभूत ढांचे को मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कुल मिलाकर साढ़े 11 वर्षों में 1.80 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं, जिनमें जींद के करीब 15 हजार युवा शामिल हैं।
उन्होंने जींद में किए गए प्रमुख कार्यों का जिक्र करते हुए बताया:
पांडू पिंडारा के पास 32 करोड़ से नया बस अड्डा
पेयजल और सीवरेज पर 32.86 करोड़ खर्च
नागरिक अस्पताल का 200 बेड का विस्तार
रेलवे अंडरब्रिज (RUB) का निर्माण
10 एमएलडी एसटीपी की स्थापना
बाईपास निर्माण और 132 केवी सब-स्टेशन
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में छात्रावास और अन्य सुविधाएं
साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जींद में एक नया आईएमटी (औद्योगिक मॉडल टाउनशिप) स्थापित किया जाएगा।
महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत अब तक 9.56 लाख महिलाओं को 834 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके अलावा गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसानों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है और अब तक 12 लाख किसानों को 1.64 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। फसल खराबे पर 16,160 करोड़ रुपये मुआवजा भी दिया गया है।
अन्य नेताओं ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से अभूतपूर्व विकास हो रहा है और गांवों में मूलभूत सुविधाएं मजबूत हुई हैं।
वहीं कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम कर दिखाया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब, किसान और युवाओं के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

जींद की बदली तस्वीर: डिप्टी स्पीकर
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जींद की तस्वीर और तकदीर बदली है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, हाईवे नेटवर्क और भविष्य में प्रस्तावित हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
रैली में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस रैली के जरिए सरकार ने जहां अपने विकास कार्यों को जनता के सामने रखा, वहीं आगामी समय में विकास की गति को और तेज करने का भरोसा भी दिलाया।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 5
Total Users : 291315
Total views : 493609

शहर चुनें